बलिया। चौधरी चरण सिंह के जन्मदिवस के अवसर पर शनिवार को शहर के आफिसर्स क्लब परिसर में किसान सम्मान दिवस का आयोजन हुआ। इसमें बेहतर उत्पादकता प्राप्त करने वाले 23 किसानों को राज्यमंत्री उपेंद्र तिवारी ने प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। विभिन्न क्षेत्र में प्रथम एवं द्वितीय पुरस्कार प्राप्त करने वाले किसानों को सात और पांच हजार का नकद पुरस्कार उनके खाते में भेजा गया।
कृषि से जुड़े अधिकारियों ने कृषि योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी। वहीं, कृषि विशेषज्ञों ने किसानों को बेहतर खेती के टिप्स दिए। साथ ही फसल रोग, कीट आदि से बचाव के तरीके भी बताए। सरकारी और गैर सरकारी तंत्रों ने स्टॉल लगाकर किसानों को लाभकारी जानकारी दी। इस किसान सम्मान दिवस कार्यक्रम का शुभारंभ मंत्री उपेंद्र तिवारी ने फीता काटकर और दीप प्रज्ज्वलन से किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री का प्रयास है कि किसानों की आय को दुगना किया जाए। इसके लिए साधारण खेती के साथ औद्यानिक खेती, मत्स्य व पशुपालन पर भी जोर देना आवश्यक है। सीडीओ संतोष कुमार ने चौधरी चरण सिंह के जीवन पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा दिए जा रहे अनुदान से किसानों को काफी राहत मिल रही है। उप निदेशक कृषि इन्द्राज ने कृृषि विभाग की लाभकारी योजना मसलन सोलर पम्प, पाइप, तिरपाल, कृषि यंत्र आदि पर मिलने वाले अनुदान की भी विस्तृत जानकारी दी। बताया कि बैरिया क्षेत्र के किसान शिशुपाल सिंह को मसूर की खेती में 34 कुंतल उत्पादकता प्राप्त करने के लिए प्रदेश स्तर पर सम्मानित किया जा रहा है। जिला कृषि अधिकारी जेपी यादव ने कहा कि आपदा आदि की स्थिति में किसानों को होने वाले नुकसान की पीड़ा को प्रधानमंत्री ने समझा और नाम मात्र के प्रीमियम पर फसल बीमा की व्यवस्था दी। उद्यान अधिकारी सुभाष कुमार ने फल, फूल की खेती, मधुमक्खी पालन, औषधीय पौधे व सब्जियों की खेती कर दुगनी से अधिक आय कमाने के लिए किसानों को प्रेरित किया। भूमि संरक्षण अधिकारी संजेश श्रीवास्तव ने भूमि संरक्षण से जुड़ी योजनाओं पर प्रकाश डाला। इससे पहले मुख्य अतिथि राज्यमंत्री उपेंद्र तिवारी का स्वागत ‘बुके‘ देकर नहीं बल्कि ‘बुक‘ देकर किया गया।