बलिया। जिलाधिकारी सुरेंद्र विक्रम ने बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में सभी नगर पालिका व नगर पंचायत के अध्यक्षों के साथ परिचयात्मक बैठक की। उन्होंने नगर पालिका व नगर पंचायत के बेहतर विकास से जुड़े गुरुमंत्र दिए। कहा कि अध्यक्ष बनने के सुनहरे अवसर का लाभ लें और अपनी निकाय को सुंदर व आदर्श नगरपालिका या नगर पंचायत बनाकर सबके प्रिय बनें।
जिलाधिकारी ने सभी नवनिर्वाचित अध्यक्षों से परिचय लेने के बाद नगर निकाय क्षेत्र की प्राथमिकताएं जानी। कहा कि भविष्य की कार्ययोजना ऐसी बनाएं जिससे नगर पंचायत का बेहतर स्वरूप नजर आए। निकायों में चल रही सरकार की योजनाओं का बेहतर ढंग से क्रियान्वयन सुनिश्चित कराएं। इस बात का ख्याल रहे कि समाज के निचले पायदान तक के व्यक्ति लाभकारी योजनाओं से लाभान्वित हों। सड़क, नाली व गलियां स्वच्छ दिखे। तभी अपेक्षित विकास देखने को मिल सकता है। उन्होंने वित्तीय मामलों की अच्छी जानकारी के लिए मुख कोषाधिकारी को भी अलग से सभी के साथ बैठक कर जानकारी देने का निर्देश दिया। मुख्य कोषाधिकारी प्रकाश सिंह ने सभी को वित्तीय मामलों से संबंधित कुछ जरूरी टिप्स भी दिए। बैठक में अपर जिलाधिकारी मनोज सिंघल, सिटी मजिस्ट्रेट मनोज पांडेय, सभी एसडीएम व अधिशासी अधिकारी व ऑडिट विभाग के अधिकारी भी मौजूद थे।