रतसर। विकास खंड गड़वार के ग्राम पंचायत बाराबांध स्थित सार्वजनिक तालाब को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए राजस्व विभाग की टीम ने रविवार को सीमांकन कर खूंटे गड़वाए।
बीते कई दिनों से गांव के कुछ लोग तालाब के किनारे ट्रैक्टर ट्रॉली से मिट्टी गिराकर अतिक्रमण किया जा रहा था। ग्रामीणों की ओर से इसकी शिकायत सदर तहसीलदार, उपजिलाधिकारी और मुख्यमंत्री कार्यालय को की गई थी। मामले को संज्ञान में लेकर तहसीलदार गुलाब चंद्रा ने राजस्व और पुलिस की संयुक्त टीम बनाकर तत्काल कार्रवाई का निर्देश दिया। रविवार को राजस्व निरीक्षक मनोज कुमार सिंह और रतसर चौकी प्रभारी देवेंद्र नाथ दुबे के नेतृत्व में संयुक्त टीम ने सार्वजनिक तालाब की पैमाइश की और उसका सीमांकन कर खूंटे गड़वाकर तालाब को संरक्षित किया। टीम ने चेताया कि तालाब पर अतिक्रमण करने व सीमांकन के साथ छेड़छाड़ करने की स्थिति में संबंधित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगा। इस मौके पर लेखपाल गौरव कुमार, शिवशंकर राम, चुनमुन मौर्या, रविन्द्र वर्मा आदि रहे।