सहतवार। रेलवे स्टेशन पर मंगलवार की देर शाम बलिया से पटना जाते समय डाउन सरयू-यमुना एक्सप्रेस का इंजन फेल होने के कारण करीब तीन घंटे तक स्टेशन पर खड़ी रही। जिसके कारण यात्रियों को अपने गंतव्य तक जाने में परेशानियों का सामना करना पड़ा।
बताया जाता है कि डाउन सरयू-यमुना एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय से करीब ढाई घंटे लेट से सहतवार रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर एक पर पहुंची, जहां क्रासिंग होने के कारण वह खड़ी हो गई। जब स्टेशन मास्टर द्वारा सरयू-यमुना एक्सप्रेस को सिग्नल दिया गया, तभी इंजन में कुछ तकनीकी खराबी हो गई। जिस कारण ट्रेन करीब तीन घंटे तक प्लेटफार्म नंबर एक पर खड़ी रही। इस दौरान यात्रियों द्वारा द्वारा हो-हल्ला मचाने पर स्टेशन मास्टर ने कंट्रोल रूम को इसकी सूचना दी। सूचना के बाद बलिया से इंजन को मंगाकर ट्रेन को रवाना किया गया। सरयू-यमुना एक्सप्रेस ट्रेन के इंजन खराब होने के चलते अप लखनऊ-छपरा एक्सप्रेस, उत्सर्ग एक्सप्रेस, पवन एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय से काफी विलंब से गई। इस बाबत स्टेशन मास्टर मुन्ना यादव ने बताया कि सरयू-यमुना एक्सप्रेस का इंजन खराब हो गया था। जिसे बलिया से दूसरा इंजन मंगवाकर रवाना किया गया।