बलिया। टीडी कॉलेज व गुलाब देवी महिला महाविद्यालय के संचालन के लिए जननायक चंद्रशेखर विश्वविद्यालय के रजिष्ट्रार ने जिलाधिकारी को प्रशासक बनाया है। प्रबंध तंत्र को लेकर क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी वाराणसी ने सवाल खड़ा किया था और उन्होंने कॉलेजों के संचालन को प्रशासक नियुक्त करने की संस्तुति की थी। उन्होंने प्रशासक व विधिक कार्यवाहक प्राचार्य की संयुक्त हस्ताक्षर से लंबित वेतन व आगामी वेतन देयक पारित करने की भी संस्तुति की थी।
टीडी कॉलेज में प्रबंध तंत्र का गड़बड़झाला चल रहा है और इसके चलते शिक्षक व कर्मचारियों के वेतन का भुगतान नहीं हो पा रहा है। पहले यह कॉलेज महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ से सम्बद्ध था और 28 दिसंबर 2016 से जननायक चंद्रशेखर विश्वविद्यालय बलिया से सम्बद्ध है। 10 जनवरी को विवि उप कुलसचिव ने क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी वाराणसी को पत्र भेज कर बताया था कि टाउन एजुकेशनल सोसायटी के कार्यवाहक सचिव ने सात दिसंबर को पत्र भेजकर अवगत कराया कि प्रबंध समिति के 23 जुलाई 2017 को संपन्न हए चुनाव के अनुमोदन का आग्रह किया था। उप कुलसचिव ने यह भी उल्लेख किया कि सोसायटी के अध्यक्ष की ओर से प्रबंधतंत्र का कार्यकाल एक साल बढ़ाने की सूचना विश्वविद्यालय को भेजी गई है जबकि विद्यापीठ की ओर से उपलब्ध कराई गई पत्रावली में प्रबंधतंत्र को विस्तारित करने के बाबत सक्षम अधिकारी द्वारा कोई आदेश उपलब्ध नहीं है। इस पत्र को संज्ञान में लेते हुए क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी वाराणसी केके तिवारी ने विवि के कुल सचिव को पत्र भेज कर बताया कि प्रबंध तंत्र के विस्तारित करने के बाबत सक्षम अधिकारी का कोई आदेश विवि में नहीं है और प्रबंध समिति द्वारा अनियमित रुप से किए गए एक साल के कार्यकाल विस्तारण के दौरान महाविद्यालय के वरिष्ठतम प्राध्यापक डा. दिलीप कुमार श्रीवास्त की नियुक्ति महाविद्यालय में रिक्त प्राचार्य पद पर कार्यवाहक प्राचार्य के रुप की गई जो विधिमान्य नहीं है। उन्होंने प्रबंध तंत्र के वैध रुप से गठन होने तक महाविद्यालय में प्रशासक नियुक्त करने की संस्तुति की।
कोट
टीडी कॉलेज व गुलाब देवी महिला महाविद्यालय का प्रशासक बनाए जाने का पत्र जननायक चंद्रशेखर विश्वविद्यालय की ओर से प्राप्त हो गया है। कॉलेजों की समस्याओं के निस्तारण को लेकर जल्द ही निर्णय लिया जाएगा।
सुरेंद्र विक्रम, जिलाधिकारी