बलिया। जिले में दो ग्राम प्रधान व तीन क्षेत्र पंचायत सदस्य व आठ सदस्य ग्राम पंचायत के पद पर उपचुनाव 22 फरवरी को होगा। नवानगर ब्लॉक की ग्राम बघुड़ी व गड़वार ब्लॉक की ग्रापं चकचमैनिया में प्रधान पद के लिए तथा विकास खंड हनुमानगंज की ग्राम पंचायत मंझरिया, गड़वार के नरायनापाली व रेवती ब्लॉक के लमुही गांव में सदस्य क्षेपं के लिए उपचुनाव होना है। यहां के जनप्रतिनिधियों की मृत्यु होने के कारण ये सीटें रिक्त हैं। इसके साथ ही 8 सदस्य ग्राम पंचायत का भी उपचुनाव होगा। सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में पत्रकारों से जिलाधिकारी सुरेंद्र विक्रम ने बताया कि इस उपचुनाव के लिए नामांकन 12 फरवरी को पूर्वाह्न 10 बजे से शाम 4 बजे तक जमा होगा। नामांकन पत्रों की जांच 13 फरवरी को 10 बजे से व नाम वापसी 15 फरवरी को 10 बजे से 3 बजे तक होगा। प्रतीक आवंटन भी 15 फरवरी को ही हो जाएगा। जिलाधिकारी ने बताया कि 22 फरवरी को सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक मतदान होगा। मतदान मतपत्र से होगा। मतदान संपन्न होने के बाद मतपेटिकाएं विकास खंड मुख्यालय पर बनाए गए स्ट्रांग रूप में पुलिस अभिरक्षा में रखी जाएंगी। मतगणना का कार्य 24 फरवरी को सुबह 8 बजे से होगा।