बलिया। जिलाधिकारी ने बोर्ड परीक्षा को लेकर केंद्र व्यवस्थापकों के पेच कसे हैं। कलेक्ट्रेट सभागार में हुई बैठक में कहा कि हर हाल में नकल विहीन परीक्षा कराने की तैयारी रखें। यदि केंद्र पर नकल हुई तो जेल जाने को तैयार रहें। उधर, केंद्र व्यवस्थापकों ने कक्ष निरीक्षक और बाहरी सुरक्षा की मांग उठाई।
बैठक को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि जो भी कमियां है, पहले ही बता दें। हर कमियों को दूर किया जाएगा। डीएम ने तहसीलवार एक-एक विद्यालयों के प्रधानाचार्य और केंद्र व्यवस्थापकों से पूछताछ की। जिसमें सभी ने कक्ष निरीक्षकों की कमी और परीक्षा केंद्र के बाहर सुरक्षा व्यवस्था की मांग की। विशेष रूप से जहां बालिकाओं की संख्या है, वहां महिला कक्ष निरीक्षक की मांग की गयी। जिलाधिकारी ने आश्वस्त किया कि हर कमी को दूर किया जाएगा।
कहा कि केंद्र व्यवस्थापक यदि ठान लें कि हम नकलविहीन परीक्षा कराएंगे तो निश्चित ही नकलविहीन परीक्षा होने से कोई नहीं रोक सकता है। कहा कि जहां बालिकाओं की संख्या है, वहां महिला कक्ष निरीक्षक के लिए प्राथमिक टीचर, आंगनबाड़ी मुख्य सेविका आदि जैसी महिलाकर्मियों को लगाया जाएगा। इसके लिए एडीआईओएस व बीएसए को जिम्मेदारी सौंपी। डीएम ने समस्त केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देश दिया कि जहां क्षमता से अधिक परीक्षार्थी हो गये हों, वहां उनके बैठने के लिए उचित व्यवस्था कर लें। जिलाधिकारी ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया कि नदी किनारे पड़ने वाले विद्यालयों में भ्रमण कर वहां की व्यवस्था देखें। बैठक में माध्यमिक शिक्षा विभाग की संयुक्त निदेशक अनारपति वर्मा, एडीआईओएस राकेश सिंह, बीएसए संतोष राय, अतुल तिवारी समेत समस्त केंद्र व्यवस्थापक मौजूद रहे।