जयप्रकाश नगर। मुरलीछपरा ब्लाक के इब्राहिमाबाद नौबरार (अठगांवा ) में घाघरा का कहर जारी है। नदी बीते एक माह से कृषि योग्य भूमि को लगातार अपने आगोश में लेती जा रही है। इसे बचाने के लिए बाढ़ विभाग द्वारा कुछ दिनों से फ्लड फाइटिंग कर कटान को रोकने का प्रयास जारी था। लेकिन अचानक घाघरा नदी का तेवर मंगलवार को अपना वीभत्स रूप धारण करते हुए किए गए कटान रोधी कार्यों को भी अपने आगोश में ले लिया। इसे देखते हुए बाढ़ विभाग द्वारा फ्लड फाइटिंग के कार्य को रोक दिया गया है। अब फ्लड फाइटिंग कर कटान रोकने में विफल हो चुका बाढ़ विभाग फिर से बकुलहा संसार टोला बन्धे की तरफ बढ़ रही घाघरा नदी को रोकने के लिए आकस्मिक निधि से कटर बनाकर किसानों के भूमि सहित बन्धे को बचाने की कवायद शुरू करने जा रहा है। लेकिन उसमें वहां के किसानों की अनुमति लेनी पड़ेगी ।
इनसेट...
अठगांवा डेंजर जोन पर बनेंगे तीन कटर
जयप्रकाश नगर। समाजवाद के पुरोधा रहे जयप्रकाश नारायण के पैतृक गांव क्षेत्र में अब बाढ़ विभाग द्वारा अठगांवा के डेन्जर जोन पर हो रहे कटान को रोकने के लिए बाढ़ विभाग द्वारा तीन कटाव रोधी कटर बनाए जाएंगे। प्रत्येक कटर की लम्बाई 20 मीटर और चौड़ाई चार मीटर होगी तथा इस कटर का नोज 5 मीटर चौड़ा होगा। इसमें भी विभाग द्वारा लाखों का खर्च किया जाएगा।