सहतवार। थाना क्षेत्र के उदहां ग्राम सभा में मंगलवार की रात घराती और बरातियों में मारपीट हो गई। इस दौरान हवाई फायरिंग भी की गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों से करीब 13 लोगों को हिरासत में लिया। वहीं डीजे को भी कब्जे में ले लिया। बुधवार को थाने में दोनों पक्षों के बीच सुलह-समझौता हो गया। इसके बाद पुलिस ने डीजे सहित सभी को छोड़ दिया।
बताया जा रहा है कि थाना क्षेत्र के बलेउर निवासी मुन्ना चौरसिया के पुत्र मंटू चौरसिया की बारात मंगलवार की रात उदहां निवासी विजय चौरसिया के यहां गई हुई थी। जहां डीजे की धुन पर नर्तकी नृत्य कर रही थी। इसी बीच किसी ने बारात में गई सफारी गाड़ी का शीशा तोड़ दिया। जिसकी जानकारी होने पर बराती क्रोधित हो गए और गांव के चंदन गुप्ता (26) को मारपीट कर गाड़ी में जबरिया बैठाकर लेकर चले गए। इसी बीच किसी ने इसकी सूचना चंदन के भाई को दे दी। सूचना मिलते ही गांव के लोग इकट्ठा हो गए तथा दूल्हे के भाई कमलेश चौरसिया को बंधक बना लिया। ग्रामीणों का कहना था कि जब तक चंदन वापस नहीं आएगा तब तक हम कमलेश को नहीं छोड़ेंगे।
ग्रामीणों का कहना था कि बरातियों ने दहशत फैलाने के लिए हवाई फायरिंग की गई। सूचना पर पहुंची यूपी 100 पुलिस तथा स्थानीय पुलिस ने 13 लोगों को हिरासत में ले लिया तथा डीजे को कब्जे में लेकर थाने आई। उधर, शादी की रस्म किसी तरह अदा की गई। बुधवार को दोनों पक्षों की पंचायत थाने में हुई। इसके बाद सुलह-समझौता हुआ। तत्पश्चात डीजे सहित सभी को पुलिस ने छोड़ दिया। इस बाबत सीओ बांसडीह अशोक सिंह ने बताया कि हवाई फायरिंग का मामला नहीं है। मारपीट का मामला है। दोनों पक्षों ने थाने में समझौता कर लिया है। अगर कोई तहरीर देता है तो कार्यवाही की जाएगी।