बलिया। तहसील बांसडीह के परसिया, रेवती ब्लॉक के भरौली व त्रिकालपुर तथा बेलहरी ब्लाक के दिघार गांव में डेढ़ करोड़ रुपये से 29 तालाबों का जीर्णोद्धार कराया गया है। रविवार को जिलाधिकारी भवानी सिंह खंगारौत ने भूमि सुधार निगम (आईडब्ल्यूएमपी) द्वारा जीर्णोद्धार कराए गए चार तालाबों का औचक निरीक्षण किया। तालाबों में रैंप, सीढ़ी, बेंच, बोर्ड व वृक्षारोपण की व्यवस्था कराने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान भूमि संरक्षण अधिकारी मोती राम ने बताया की 2017-18 में 29 तालाबों का जीर्णोद्धार कराया गया है, जिसमें करीब डेढ़ करोड़ रुपये की धनराशि व्यय गई है। जिलाधिकारी ने जीर्णोद्धार कराए गए सभी तालाबों में रैंप, सीढ़ी, बेंच, बोर्ड व वृक्षारोपण की व्यवस्था कराने का निर्देश दिया। कहा कि इन तालाबों की उपयोगिता सुनिश्चित की जाए और वाटर रिचार्जिंग के उद्देश्य से बनाए गए इन तालाबों का भरपूर उपयोग होना चाहिए। बताया गया कि परसिया में बनाए गए तालाब में 10 लाख व भरौली में जीर्णोद्धार कराए गए तालाब पर छह लाख 60 हजार, त्रिकालपुर के तालाब पर एक लाख 27 हजार व दिघार गांव के तालाब के जीर्णोद्धार पर 8.5 लाख रुपये खर्च किए गए हैं। जिलाधिकारी ने तालाबों के निर्माण के संबंध में ग्रामीणों से भी जानकारी ली। डीएम ग्रामीणों की समस्याओं से भी रूबरू हुए।
भरौली गांव में डीएम ने ग्राम प्रधान को राज्य वित्त आयोग से पांच लाख की कार्य योजना बनाने को कहा जिसमें सड़क व नाली का निर्माण भी हो। भरौली गांव में ग्रामीणों की शिकायत पर नाली व सड़क निर्माण तथा पंचायत भवन से अवैध कब्जा हटाने के लिए कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। दिघार गांव निवासी वृद्ध श्रीभगवान पुत्र शिवजीत ने पेंशन दिलाने का अनुरोध किया, जिस पर जिलाधिकारी ने उन्हें पेंशन दिलाने का आश्वासन दिया। जिलाधिकारी ने कहा कि तालाबों का सुंदरीकरण कराया जाए, इनके किनारे ऐसे वृक्ष लगवाए जाएं, जो छायादार हों और जमीन का कटान भी रोक सके। उन्होंने कहा कि जिस कार्य पर जो लागत आई है, उसका पूरा विवरण लिखकर वहां पर बोर्ड लगवाए जाएं। इस अवसर पर तकनीकी विशेषज्ञ अतुल कुमार सिंह आदि रहे।