बलिया। गैस एजेंसियों के आवंटन को लेकर बुधवार को विकास भवन के सभागार में कराए गए ऑनलाइन ड्रा में धांधली होने का आरोप आवेदनकर्ताओं ने लगाया है। इस बाबत डीएम व डीएसओ को शिकायत पत्र भी दिया। डीएसओ ने शिकायतों की जांच कर कार्रवाई के लिए पेट्रोलियम मंत्रालय भारत सरकार व संबंधित गैस कंपनी को पत्र भेजा है।
बताया जाता है कि ब्लाक स्तरीय गैंस एजेंसी आवंटन को लेकर महीनों पहले इंडियन ऑयल व भारत पेट्रोलियम की ओर से आवेदन मांगा गया था। बुधवार को ऑनलाइन ड्रा कराने की व्यवस्था संबंधित कंपनियों की ओर से जिला प्रशासन के देखरेख में की गई थी। ड्रा के कुछ देर बाद ही छिछोर करौदी व मुस्तफाबाद के आवेदनकर्ताओं ने धांधली का आरोप लगाते हुए हो हल्ला मचाना शुरु कर दिया। हालांकि प्रशासनिक अधिकारियों ने समझा बुझाकर मामले को शांत कराया। इसके बाद आवेदनकर्ताओं ने जिलाधिकारी व डीएसओ को शिकायती पत्र देकर बताया कि छिछोर (मऊ) की एजेंसी गिरीश चंद्र गुप्ता के नाम से, इन्हीं के परिवार की पूजा गुप्ता के नाम से भरौली और इनके रिश्तेदार रेखा गुप्ता के नाम से मुस्फाबाद में निकलना प्रकिया में धांधली को बताता है। बताया कि गिरीश चंद्र गुप्ता के परिवार में पहले से भी गैस एजेंसी है। शिकायत करने वालों में रमेश चंद्र मौर्य, सुनील कुमार मौर्य, कामिनी गुप्ता, सविता, प्रतिमा, राणा प्रताप, मनोज कुमार यादव, तारा देवी, निलिमा मौर्य आदि थे।
गैस कंपनियों की ओर से ऑनलाइन ड्रा का आयोजन किया गया था। इसमें कुछ लोगों ने धांधली की शिकायत की है। शिकायत को देखते हुए मामले की जांच कर कार्रवाई के लिए पेट्रोलियम मंत्रालय भारत सरकार व संबंधित गैस एजेंसियों को पत्र भेजा गया है।
विनय कुमार सिंह, जिला पूर्ति अधिकारी