बलिया। धान क्रय को लेकर सोमवार को डिप्टी आरएमओ ने केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। लापरवाही पर दो क्रय केंद्र प्रभारियों से जहां स्पष्टीकरण मांगा वहीं नरहीं स्थित क्रय केंद्र को उचित स्थान पर शिफ्ट करने का निर्देश दिया। अब तक कुल 25 हजार कुंतल की खरीद हो चुकी है।
जिले में कुल 84 क्रय केंद्र संचालित हैं। इसमें विपणन की हाट शाखा के 14 केंद खोले गए हैं। इसके अलावा पीसीएफ के 28, एग्रो के 6, भारतीय खाद्य निगम व एनसीसीएफ के दो-दो, नैफेड के 7, कर्मचारी कल्याण निगम के 4 व एनसीएमएल के 21 क्रय केंद्र अलग-अलग स्थानों पर स्थापित की गई है। आए दिन क्रय केंद्रों पर धान खरीद को लेकर मिल रही शिकायतों को देखते हुए सोमवार को जिला विपणन अधिकारी नरेन्द्र कुमार तिवारी ने क्रय केंद्रों का निरीक्षण किया। विपणन विभाग के रसड़ा व चिलकहर में स्थापित क्रय केंद्र के प्रभारी गायब मिले। डिप्टी आरएमओ ने रसड़ा के एमआई सुनील कुमार व चिलकहर के एमआई वीरेन्द्र सिंह से स्पष्टीकरण मांगा है। इसके अलावा एनसीएमएल की ओर से नरहीं में बने केंद्र को उचित स्थान पर शिफ्ट करने का निर्देश दिया जहां किसान आसानी से धान लेकर पहुंच सकें।
तिवारी ने बताया कि मार्केटिंग के रतसड़ व चितबडग़ांव में अभी खरीद नहीं हुई है शेष केंद्रों पर खरीद शुरु हो चुकी है। उन्होंने कहा कि मानक के अनुसार सभी किसानों के धान की खरीद होगी। बताया कि अब तक जिले में कुल 25 हजार कुंतल धान की खरीद हो चुकी है।