नरही। गाजीपुर जिले के बुढ़नपुरा में दो ट्रकों की टक्कर से एनएच-31 पर भीषण जाम लग गया। भरौली गोलंबर से गाजीपुर मार्ग, भरौली-बलिया मार्ग के अलावा बक्सर में शनिवार को भीषण जाम लगा रहा है। 15 घंटे तक गाजीपुर जिले के पखनपुरा तक 18 किलोमीटर लंबा जाम रहा।
शुक्रवार की शाम से भरौली गोलंबर पर जाम लगना शुरू हुआ जो शनिवार को सुबह 11 बजे खत्म हुआ। 18 किलोमीटर तक गाड़ियों की कतार लगी रहीं। टोल प्लाजा के कर्मचारियों ने भरौली पहुंच कर जाम ख़त्म कराने का प्रयास किया, लेकिन नरही पुलिस ने जाम से पल्ला झाड़ लिया है। बताया जा रहा है कि यदि नरही पुलिस भरौली गोलंबर पर बेतरतीब खड़े वाहनों को हटवा देती तो इतना बड़ा जाम नहीं लगता।
पुलिस की लापरवाही यह है कि पिकेट पर तैनात सिपाही बैठे रहते हैं। उनके सामने जाम लगा रहता है। नरही वसूली कांड से पहले भरौली गोलंबर पर नरही पुलिस जाम ख़त्म कराने में तत्पर रहती थी। भरौली गोलंबर पर जाम लगने से छोटे वाहनों जैसे एंबुलेंस, आटोरिक्शा, ई-रिक्शा का आवागमन प्रभावित हो रहा है। शुक्रवार की रात में भरौली-गाजीपुर मार्ग पर गाजीपुर के बुढ़नपुर में दो ट्रकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। इससे जाम लगना शुरू हुआ। जाम गाजीपुर जिले के पखनपुरा तक पहुंच गया।
इधर सुरही तथा बक्सर के आरा मार्ग पर दलसागर तक जाम पहुंच गया। रोज जाम से लोगों को जूझना पड़ रहा है। इस दौरान बक्सर रेलवे स्टेशन से ट्रेन पकड़ने वाले यात्रियों की ट्रेनें छूट गईं। यात्रियों को घंटों जाम में बिताना पड़ा।