बलिया। मनियर ब्लाक अंतर्गत मानिकपुर के ग्रामीण मंगलवार को छात्र नेता अमित सिंह के नेतृत्व में जिला पंचायत राज अधिकारी से मिले। शिकायत की कि छह महीने से गांव में सफाईकर्मी नहीं आ रहे हैं। प्रधान से लेकर बीडीओ यहां तक की एसडीएम के यहां भी शिकायत करने के बावजूद कोई कार्यवाही नहीं हुई। नतीजन गांव में जगह-जगह कूड़े का अंबार लग गया है, नालियां बजबजा रही है।
डीपीआरओ दिए ज्ञापन में ग्रामीणों ने जिक्र किया कि गांव में दो-दो सफाईकर्मी हैं। लेकिन ये सफाईकर्मी कभी भी ड्यूटी पर नहीं आते। कहते हैं कि साफ-सफाई नहीं करेंगे, जहां मर्जी वहां जाओ, शिकायत करो। हमारा संगठन है, आप गांववासी हमारा कुछ नहीं बिगड़ पाओगे।
उधर गांव के प्रधान जगमोहन यादव का कहना है कि गांव में दो-दो सफाईकर्मी है। साफ-सफाई भी करते हैं। स्कूल की साफ-सफाई की जाती है। होता यह है कि एक टोला में साफ करने पर दूसरे टोला के लोग साफ-सफाई के लिए हो हल्ला करते हैं। दरअसल गांव बड़ा है और यहां दो सफाईकर्मी की नियुक्ति नाकाफी है। ऐसे में पूरे गांव को साफ-सफाई के मामले में मुकम्मल बनाना टेढ़ी खीर है। हमारी ओर से प्रयास रहेगा कि गांव में स्वच्छता अभियान ढीला न पड़े। ज्ञापन देने वालों में रामनाथ सिंह, जयप्रकाश सिंह, गणेश सिंह, रामाश्रय, रामसागर, सुरेंद्र, शुभ नारायण सिंह आदि रहे। इस संबंध में जिला पंचायत राज अधिकारी अविनाश कुमार का कहना है कि मानिकपुर गांव में सफाईकमिर्या का छह महीने से नदारद होना दुभार्ग्यपूर्ण है। मैं इसकी जांच कराकर उचित कार्रवाई करूंगा।