बलिया। छपरा-वाराणसी रेलखंड पर बलिया स्टेशन से होकर गुजरने वाली लंबी दूरी की सभी गाड़ियां पिछले कई दिनों से कोहरे के कारण घंटों विलंबित चल रही हैं। विलंब की वजह से यात्रियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इसी बीच इस रेलखंड की दो प्रमुख ट्रेनें सद् भावना एक्सप्रेस और स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस के निरस्त होने से यात्री काफी परेशान हैं।
मॉडल रेलवे स्टेशन से होकर गुजरने वाली ट्रेनों घने कोहरे और ठंड के चलते शनिवार को भी आधा दर्जन से अधिक ट्रेनें विलंबित रही। विगत एक माह से चल रही 14015/ 14016 सद्भावना एक्सप्रेस ट्रेन निरस्त चल ही रही है, जो रक्सौल से चलकर आनंद विहार तथा आनंद विहार से रक्सौल के बीच संचालित होती थी। इस ट्रेन को निरस्त होने से उस ट्रेन में यात्रा करने वाले यात्रियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था ही कि शनिवार को डाउन 12562 स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस को निरस्त होने से कई यात्रियों ने अपना यात्रा ही रद्द कर दी। जिससे रेलवे का काफी नुकसान हुआ। इसीक्रम में शनिवार को 19166 अप साबरमती एक्सप्रेस सात घंटे, 18191 उत्सर्ग अप तीन घंटे 19045, डाउन ताप्तिगंगा दो घंटे, 15934 डाउन डिब्रूगढ़ एक्सप्रेस चार घंटे तथा सारनाथ एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय से चार घंटे की देरी से अपने गंतव्य के लिए रवाना हुई। जिससे यात्रा करने वाले यात्रियों को घंटों प्लेटफार्म पर गलन भरी ठंड में ठिठुरते रहे।