बलिया। जिला अस्पताल गेट के सामने मंगलवार की सुबह पोल के पास खड़े ठेले में करेंट प्रवाहित होने से एक ही परिवार के चार लोग उसकी चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गए। आसपास के लोगों ने सभी घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अन्त्य परीक्षण के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। युवक के मौत के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
अस्पताल रोड निवासी दिलीप की जिला अस्पताल गेट के सामने चाय की दुकान है। मंगलवार की सुबह करीब 10 बजे छोटे भाई अजय की पत्नी मंजू दुकान के पास स्थित हैण्डपंप से पानी भरने जा रही थी। दुकान के पास अजय का ठेला खड़ा था। जिसमें कहीं से करेंट प्रवाहित हो रहा था। जिसकी चपेट में मंजू आ गई। यह देख दुकान पर बैठे दिलीप दौड़कर मंजू को किसी तरह छुड़ा लिया, लेकिन स्वयं ही करेंट की चपेट में आ गया। दिलीप को छुड़ाने के लिए छोटे भाई अजय व संजय दौड़कर पहुंचे लेकिन इन दोनों भाइयों को भी करेंट ने अपनी आगोश में ले लिया। इसमें तीनों गंभीर रूप से झुलस गए। यह देख आसपास के लोगों ने दौड़कर किसी तरह तीनों को छुड़ाया। हालांकि तब तक दिलीप अचेत होकर गिर पड़ा। आनन-फानन में सभी घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने दिलीप (45) को मृत घोषित कर दिया। वहीं अजय बेलदार (35) , मंजू (32), संजय (28) का उपचार चल रहा है। जिला अस्पताल के सामने हुए घटना से सभी की हतप्रभ हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अंत्य परीक्षण के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।