बलिया। गड़वार विकास खंड के सिंहाचौर कला प्राथमिक विद्यालय के प्रांगण में रविवार को आयोजित जनचौपाल में राज्यमंत्री उपेंद्र तिवारी ने सख्त तेवर अपनाया। उन्होंने योजनाओं में लापरवाही बरतने वाले अधिकारी और कर्मचारियों को सख्त चेतावनी देते हुए समय से कार्य पूर्ण करने का निर्देश दिया। ग्रामसभा के सेक्रेटरी द्वारा प्रधानमंत्री आवास आवंटन में भ्रष्टाचार की शिकायत पर मंत्री ने सख्त तेवर दिखाते हुए सही आंकड़ा प्रस्तुत नहीं करने पर नाराजगी जाहिर की। मौके पर मौजूद जिला विकास अधिकारी को जांच व कार्यवाई का निर्देश दिया।
जनचौपाल के दौरान देशी शराब बनाने की शिकायत पर थानाध्यक्ष को तीन दिन के अंदर कार्रवाई कर रिपोर्ट देने का निर्देश दिया। शौचालय निर्माण में धीमी प्रगति पर असंतोष जाहिर करते हुए 15 दिन के अंदर लक्ष्य पूरा करने का निर्देश दिया। राशन कार्ड सूची व सामाजिक सुरक्षा पेंशनों को शत प्रतिशत दुरुस्त करने के लिए कैंप लगाकर शिकायतों को शीघ्र दूर करने का निर्देश दिया तथा सभी पात्रों को सूची में शामिल करने का निर्देश दिया। जिस पर समाज कल्याण अधिकारी ने 14 दिसंबर को कैम्प लगाने की स्वीकृति दिया। 14 वां वित्त व राज्य वित्त योजना के अंतर्गत कराए गए कार्यों को सार्वजनिक स्थान या ग्राम पंचायत भवन पर 15 दिसंबर तक दीवाल लेखन का निर्देश दिया। कहा कि किसी भी योजना में लापरवाही अक्षम्य होगी।
राज्यमंत्री ने कहा कि लंबे समय से एक ही स्थान पर जमे कर्मी भ्रष्टाचार के मुख्य कारण हैं। जिनके चिह्नांकन का कार्य हो रहा है और कार्रवाई भी हो रही है। नौकरी पारदर्शिता के साथ करना होगा अन्यथा मुकदमा दर्ज कर जेल भेजा जाएगा। इस मौके पर जिला विकास अधिकारी शशिमौली मिश्र, लोनिवि के अधिशासी अभियंता एसडी कन्नौजिया, डीपीआरओ, जिला समाज कल्याण अधिकारी, एडीओ पंचायत, पूर्ति निरीक्षक, खण्ड शिक्षा अधिकारी, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी के अलावा नंदलाल सिंह, टुनटुन उपाध्याय, प्रेम नाथ सिंह, विजय प्रकाश वर्मा , चंद्र प्रकाश पाठक, भुवाल सिंह , भोला ओझा, मुन्ना सिंह , वीरबल मिश्र आदि रहे ।