बलिया। रक्षाबंधन को लेकर नगर से लेकर ग्रामीण क्षेत्र के बाजारों में राखी, मिठाई व गिफ्ट की दुकानें सजी रहीं। इस बार भी चाइनीज राखियां बाजार से नदारद रहीं। वहीं राखी की दुकानों पर बिक्री बढ़ गई। उधर, मिठाई और गिफ्ट की दुकानें भी सजकर तैयार हैं, जहां ग्राहकों की भीड़ उमड़ी रही। इस बार भी सूखे मिठाइयों की मांग अधिक रहीं। इस दौरान बहनों को देने के लिए गिफ्ट की दुकानों पर भी भीड़ लगी रही।
रक्षा बंधन पर बहनें अपने भाइयों की कलाइयों पर राखी बांधने के लिए बेसब्री से इंतजार करती रहीं। वहीं भाई भी बहनों को उपहार देने के लिए कुछ खास तैयारी करते दिखे और वे भी खासे दिन का इंतजार कर रहे हैं। इस बार रक्षासूत्र, धागा, स्टोन व नग के साथ ही स्पाइडर मैन, छोटा भीम, मोटू-पतलू आदि की राखियां बाजारों में बिक रही हैं। जबकि चाइनीज राखियां नदारद रहीं। शनिवार को बहनों ने अपने भाइयों की कलाइयों पर राखी बांधने के लिए राखियों की खरीददारी की। इसके साथ ही मिष्ठान की भी खरीददारी की। वहीं भाइयों ने बहनों को उपहार देने के लिए गिफ्ट की खरीददारी की। इस बार सूखे मिठाइयों की मांग अधिक रही। सुरक्षा के मद्देनजर बाजारों में पुलिस चक्रमण करती रही। बैरिया: रक्षाबंधन पर्व पर मिठाइयों की मांग बढ़ गयी। ऐसे में शुद्ध मिठाइयां महंगी हो गईं हैं। क्षेत्र के कस्बा, रानीगंज बाजार, मधुबनी आदि बाजारों में तमाम पाउडर से बनी मिलावटी मिठाइयां रक्षाबंधन के एक दिन पहले से खपाने का काम किया जा रहा है।
रंग-बिरंगी राखियों से पटी राखी की दुकानें
जयप्रकाशनगर। क्षेत्र के टोला शिवन राय के चट्टी, बाबू के डेरा बाजार सहित अधिकाधिक छोटी मोटी दुकानों पर भी राखी की दुकानें सजी हैं। दुकान रंग-बिरंगी राखियों से पटे हुए हैं। बाजारों में राखी की थाल सजाने के लिए छोटे-छोटे नारियल, रोली चंदन, दीपक भी पैकिंग में मिल रहा है। दो रंग के लिफाफे भी बाजारों में उपलब्ध हैं। जिसके ऊपर लिखा है बहना भेज रही हैं प्यार के डोर। इसके अलावा वाटरप्रूफ लिफाफा भी मिल रहा है। इस विशेष लिफाफे की कीमत दस रुपये प्रति पीस है।
शुभ मुहूर्त 5.59 से
जयप्रकाशनगर। आचार्य पंडित गोरखनाथ चतुर्बेदी ने बताया कि रक्षाबंधन पर्व पर राखी बंधवाने का मुहूर्त सुबह 5.59 से शाम 5.25 तक है। दोपहर 1.39 से 4.12 बजे तक श्रेष्ठ मुहूर्त है। इस दिन सबसे पहले भगवान का पूजन करना चाहिए।
अब तक नहीं बंटी राखियां, डाकघर में बोरे पड़ी राखी
सुखपुरा। स्थानीय पोस्ट आफिस में आई राखी शनिवार तक नहीं बट पाया था। इस बार पोस्ट आफिस की लापरवाही के चलते भाइयों की कलाई सुनी ही रहेगी। बहनों द्वारा फोनकर के बताया जा रहा है कि राखी बहुत पहले ही भेज दिया गया है। करीब एक माह से कार्य बाधित चल रहा है। कभी नेट की समस्या तो कभी कर्मचारी की अनुपस्थिति के चलते यह बदस्तूर जारी है। इस समय सबसे बड़ी समस्या रक्षाबंधन को लेकर है। रविवार को रक्षाबंधन का त्योहार है। हजारों की संख्या में बहनों ने अपने भाई को राखी भेजा है। स्थानीय पोस्ट आफिस में बोरे में राखी बंधा पड़ा हुआ है, लेकिन उसे पोस्टमैन द्वारा नहीं बांटा गया। यही हाल रजिस्ट्री और स्पीड पोस्ट का है। इस बाबत पोस्टमास्टर संजय सिंह ने बताया कि रक्षाबंधन के दिन तक राखी बंट जाएगा।