बेल्थरारोड। शिक्षा क्षेत्र सीयर के खंड शिक्षा अधिकारी निर्भय नारायण सिंह ने शनिवार को क्षेत्र के आधा दर्जन से अधिक विद्यालयों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान कई शिक्षक गायब मिले तो एक विद्यालय ताला लटका मिला। इससे नाराज बीईओ ने आवश्यक कार्रवाई के लिए बेसिक शिक्षा अधिकारी को रिपोर्ट भेज दिया है।
निरीक्षण के क्रम में अधिकारी प्राथमिक विद्यालय बिठुवां पहुंचे, जहां सहायक अध्यापक रश्मि सिंह गायब मिली तथा नामांकन 47 के सापेक्ष 11 छात्र उपस्थित रहे। उच्च प्राथमिक विद्यालय फरसाटार में प्रधानाध्यापक रशीद अहमद, सहायक अध्यापक तरन्नुम जहां, राशिद कमाल पाशा, अनुदेशक सद्भावना सवेरा, शामिन नुसा, परिचारक मोनू देवी अनुपस्थित रहीं। प्राथमिक विद्यालय अंबेडकर तिर नई खिजीरपुर में सहायक अध्यापक नुसरत जहां गायब रहीं। मोलनापुर में प्रधानाध्यापक अवकाश पर रहे। पड़सरा नादौली ताजपुर में विद्यालय पर ताला लटका मिला ,जबकि प्राथमिक विद्यालय पर 159 के सापेक्ष 57 छात्र उपस्थित रहे ,जबकि दो शिक्षक अनुपस्थित रहे। शेखपुर में अध्यापक रेणु भारती उपस्थिति पंजिका में हस्ताक्षर कर गायब मिली। शाहपुर में 152 के सापेक्ष 40 छात्र उपस्थित रहे। बीईओ सिंह ने बताया कि निरीक्षण के दौरान गायब शिक्षकों और बंद विद्यालय के बारे में बेसिक शिक्षा अधिकारी को आवश्यक कार्रवाई के लिए जांच आख्या प्रेषित कर दी गई है। अधिकारी के निरीक्षण के दौरान विद्यालयों में हड़कंप की स्थिति रही।