बलिया। यूपी डेस्को के प्रबंध निदेशक पीसी श्रीवास्तव ने बताया कि मुख्यमंत्री हेल्पलाइन के टोल फ्री नंबर 1076 पर कोई भी अपनी शिकायत अथवा समस्या दर्ज करा सकता है, उसका त्वरित गति से समाधान किया जाएगा। सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक को संबोधित करते हुए उन्होंने हेल्पलाइन में दर्ज की जाने वाली शिकायतों के निस्तारण की प्रक्रिया के बारे में बिंदुवार जानकारी दी।
उन्होंने बताया कोई भी व्यक्ति इस नंबर पर घर बैठे अपनी शिकायत दर्ज करा सकता है। पहले शिकायत का निवारण लेवल-1 अधिकारी द्वारा किया जाएगा तथा शिकायतकर्ता के संतुष्ट न होने पर उसे पुन: लेवल-1 अधिकारी को भेजा जाएगा , उसके बाद भी संतुष्ट न होने पर उसे लेवल-2 अधिकारी के पास भेजा जाएगा। शिकायत की श्रेणी के हिसाब से लेवल 1, लेवल 2, लेवल 3 और लेवल 4 अधिकारियों का निर्धारण किया गया है। उन्होने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वह रोज आईजीआरएस पोर्टल पर जाकर लॉगिन करें और यदि वह समस्या आपके विभाग की नहीं है तो तुरंत रिटर्न बैक करें या आपके विभाग से संबंधित दूसरे अधिकारी से रिलेटेड है तो उसे भेज दे। उन्होंने कहा शिकायतों के निस्तारण में टाइम फ्रेम देखना बहुत जरूरी है। यह भी कहा कि अगर किसी अधिकारी को निस्तारण करने में कोई तकनीकी समस्या आ रही हो तो वह एनआईसी से संपर्क कर समाधान कर सकते हैं। बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व ) मनोज कुमार सिंघल, मुख्य राजस्व अधिकारी त्रिभुवन विश्वकर्मा सहित उप जिलाधिकारीगण व अन्य विभागो के अधिकारी उपस्थित थे।