बैरिया। क्षेत्र के प्रबुद्ध लोगों ने तहसील क्षेत्र के कस्बों व प्रमुख बाजारों में अवैध रूप से चल रहे नर्सिंग होमों व चिकित्सालयों के काले कारनामों पर चिंता जाहिर करते हुए प्रदेश सरकार के प्रमुख सचिव को शिकायती पत्र भेजा है। लोगों का कहना है कि नाम नर्सिंग होम, काम बूचड़खाने का हो रहा है।
यहां के अधिकांश नर्सिंग होम व प्राइवेट अस्पतालों में लोग भ्रूण का लिंग परीक्षण किसी खास अल्ट्रा सोनोग्राफी सेंटर पर कराते हैं और अगर गर्भ में पल रहे भ्रूण बेटी है तो उसे धरती पर जिंदा नहीं आने देते। जानकर बताते है कि यह सब कुछ बिना रजिस्ट्रेशन बिना लाइसेंस फर्जी झोलाछाप चिकित्सक खुले आम कर रहे हैं। लेकिन स्वास्थ्य विभाग इस तरफ ध्यान देना उचित नहीं समझता, जिससे जागरूक लोग स्वास्थ्य विभाग पर भी उंगली उठाने लगे हैं। क्षेत्र के जागरूक लोगों ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी बलिया व जिलाधिकारी बलिया का ध्यान क्षेत्र में चल रहे अवैध नर्सिंग होम व प्राइवेट चिकित्सालयों की जांच किसी मजिस्ट्रेट के नेतृत्व में टीम गठित कर कराने की मांग की है। पत्रक देने वालों में पूर्व प्रधान धर्मेद्र तिवारी, उपेंद्र यादव, अखिलेश यादव, भोला यादव आदि शामिल हैं।