बलिया। जनपद में संचारी रोग नियंत्रण अभियान एक जुलाई से 31 जुलाई 2019 तक चलाया जाएगा। पूर्व में यह अभियान 10 जून से 25 जून तक चलाया जाना प्रस्तावित था। यह जानकारी नोडल अधिकारी डा. जेआर तिवारी ने दी।
बताया कि संचारी रोग जैसे डेंगू, मलेरिया, चिकनपॉक्स, फ़ाइलेरिया, कालाजार आदि के नियंत्रण के लिए अभियान की तैयारी पूरी कर ली गई है। जिला मलेरिया अधिकारी आर.पी निरंजन ने बताया कि संचारी रोग नियंत्रण अभियान का पहला चरण फरवरी माह में संचालित किया गया था। अभियान के दूसरे चरण में सभी गतिविधियों की विस्तृत कार्य योजना बनाकर संचालित की जाएगी। अभियान के लिए बनाई जाने वाली कार्य योजनाओं में लक्ष्य का उल्लेख भी किया जाएगा। बताया कि माह की समाप्ति के उपरांत जिले में अभियान की उपलब्धियां, निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष प्रदर्शित की जाएंगी। अभियान में साफ सफाई, कचरा निस्तारण, जलभराव रोकने तथा शुद्ध पेयजल उपलब्धता पर विशेष जोर दिया जाएगा। जनपद तथा ब्लॉक स्तर पर समन्वय समितियों का गठन कर नियमित अंतराल पर विभिन्न विभागों द्वारा किए गए कार्य निष्पादन तथा जनपद में संचारी रोग की स्थिति की समीक्षा हेतु समितियों की बैठक की जाएगी। ताकि अभियान को सफल बनाया जा सके।