रेवती। कोलनाला भाखर मार्ग से दलछपरा कच्चे मार्ग के उत्तर स्थित खेत में बबुल के पेड़ के नीचे एक अधेड़ बेहोशी हालात में शुक्रवार की सुबह मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे सीएचसी रेवती पहुंचाया, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शव की शिनाख्त मृतक के आधार कार्ड के आधार पर जमधरवा ग्राम सभा के रती छपरा निवासी छट्ठू यादव (50) पुत्र रघुनी यादव के रूप में हुई।
थाना क्षेत्र के दलछपरा निवासी प्रतुल चौबे के खाली खेत में स्थित बबुल के पेड़ के नीचे छट्ठू यादव बेहोशी हालत में पड़ा हुआ था। खेत की ओर शौच करने गए लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने बेहोशी हालत में पड़े व्यक्ति को सीएचसी रेवती पहुंचाया। जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। मौके पर पहुंचे मृतक के पुत्र शंकर यादव ने बताया कि बीते कुछ समय सेे पिता मानसिक रूप से परेशान रहते थेे। जिसके कारण वे घर से यदा कदा गायब रहते थे। बताया कि बीते एक पखवाड़े से वे घर से गायब थे।