मनियर। नगर पंचायत क्षेत्र में विकास कार्यों में अनियमितता और बोर्ड की बैठक नहीं बुलाने को लेकर नाराज दो तिहाई सभासदों ने शुक्रवार को विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान नगर पंचायत कार्यालय पर ताला जड़ते हुए नौ सूत्रीय ज्ञापन अधिशासी अधिकारी मनियर के प्रतिनिधि को सौंपा।
सभासदों ने ज्ञापन कहा है कि विकास कार्यों में अनियमितता से नौ मई को अवगत कराया गया लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गईहोने। सभासद जब 11 जून को मिले तो 14 जून को बैठक करने का आश्वासन दिया गया लेकिन आज निर्धारित समय पर बैठक के लिए पहुंचे तो कोई भी अधिकारी, जनप्रतिनिधि कार्यालय पर मौजूद नहीं हुआ। इसके चलते बाध्य होकर सभासदों को नगर पंचायत कार्यालय में तालाबंदी करनी पड़ी। सभासदों ने चेतावनी दी कि अगर तीन दिन के अंदर संतोष जनक निर्णय नहीं लिया गया तो धरना व क्रमिक अनशन किया जाएगा। इसकी पूरी जिम्मेदारी नगर पंचायत की होगी। सभासदों ने प्रतिमाह बोर्ड की बैठक कराने, आय व्यय का लेखाजोखा देने, आउटसोर्सिंग से रखे गए लोगों से पद के अनुसार कार्य लेने, पात्र लाभार्थियों में बांटे गये कंबल की सूची उपलब्ध कराने और पौधरोपण की लागत के बारे में जानकारी दी जाए। इसके अलावा क्रय सामग्री का बिल, स्टाक बुक, कार्रवाई रजिस्टर की प्रमाणित छाया प्रति देने, लाभार्थियों के शौचालय का प्रथम व द्वितीय किस्त खाते में भेजने, नाली की सफाई कराने की मांग की। इस मौके पर सभासद अमरेंद्र सिंह, गायत्री देवी, प्रभावती देवी, अंजनी सिंह, गिरजाशंकर राय, धनजी प्रजापति, इफ्तेखार अहमद, विनय कुमार सिंह आदि रहे।