सुखपुरा। स्थानीय चट्टी पर स्थित रेडीमेड कपड़े की दुकान में गुरुवार रात विद्युत शार्ट सर्किट से लगी आग में करीब चार लाख रुपये के रेडीमेड कपड़े जल कर राख हो गए। चट्टी पर बसंत कुमार के परिवार कलेक्शन नामक रेडीमेड कपड़े की दुकान है। अन्य दिनों की भांति गुरुवार की रात बसंत एवं उनके सहयोगी दुकान बंद कर घर चले गए। आधी रात के बाद पड़ोस का एक दुकानदार रेडीमेड कपड़े की दुकान से धुआं निकलते देख दुकानदार को बुलाया। बिजली विभाग को सूचना दी गई तो पता चला कि बिजली काट दी गई है। बाद में लगभग 2 बजे रात को लोगों ने किसी तरह आग पर काबू पाया।
अग्निकांड में लगभग चार लाख के रेडीमेड कपड़े, काउंटर कुछ नगदी जलकर राख हो गए। सूचना पर पहुंची सुखपुरा पुलिस ने घटना की जानकारी जिला मुख्यालय को दी। कस्बे में विद्युत शार्ट सर्किट से आग लगने की घटनाओं में वृद्धि के चलते दुकानदारों में बिजली विभाग के प्रति तीव्र आक्रोश है। अभी एक पखवारा पूर्व ही स्थानीय चट्टी पर स्थित विद्युत शार्ट सर्किट से लगी आग में दो किराना की दुकानों की लाखों की संपत्ति जलकर नष्ट हो गई थीं।
दुकानदारों का कहना है कि कभी-कभी विद्युत की आपूर्ति हाई वोल्टेज हो जाती है जिससे लोगों के घरों के फ्रिज, कूलर, टीवी, पंखे जल जाते हैं। वहीं, दुकानों में शॉर्ट सर्किट से आग लग जाती है। गुरुवार रात भी कुछ ऐसा ही हुआ जिसमें दर्जनों लोगों के घरों के पंखे जल गए,बल्ब फ्यूज हो गए। दुकानदारों ने इसके प्रति तीब्र नाराजगी जाहिर करते हुए कहा है कि विद्युत विभाग भविष्य में सामान्य रूप से बिजली की आपूर्ति नहीं करता है तो दुकानदार आंदोलन करने को बाध्य होंगे।