बलिया। विद्युत व्यवस्था को सुदृढ़ किया जा रहा है। उपभोक्ताओं तक विभाग की सुविधाएं पहुंचाना प्राथमिकता है। इसके लिए जरूरी है कि विद्युत चोरी पर अंकुश लगाने के साथ ही बिल की वसूली समय से की जाए। इस बात का ध्यान रखा जाए कि उपभोक्ताओं तक सही बिल पहुंचे। उपभोक्ताओं की सुुविधा के लिए अब एसडीओ से लेकर जेई तक ट्विटर पर होंगे। बिजली संबंधी ट्विटर पर की गई शिकायतों का निस्तारण को गंभीरता से लेते हुए उसका निस्तारण किया जाएगा। अगर शिकायत निस्तारण योग्य नहीं है तो अधिकारी उसे ऊपर के अधिकारियों को भेज दें। ट्विटर की शिकायतों को गंभीरता से नहीं लेने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। ये बातें पूर्वांचल विद्युत वितरण खंड के प्रबंध निदेशक गोविंद राजू एनएस ने शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित कार्यशाला में कहीं।
पूर्वांचल विद्युत वितरण खंड के प्रबंध निदेशक गोविंद राजू एनएस ने बिजली विभाग के अधीक्षण अभियंता, अधिशासी अभियंता से लेकर जेई उपभोक्ताओं तक बेहतर सेवा पहुंचाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि विद्युत के क्षेत्र में बलिया में बेहतर कार्य हुआ है लेकिन बिलिंग में अभी सुधार की जरूरत है। उन्होंने इंजीनियरों को निर्देश दिया कि किसी भी प्रकार की संभावित दुर्घटना को रोकना सबकी जिम्मेदारी है। इसके अलावा उपभोक्ताओं को हर महीने समय से सही बिल देना है। इसमें एजेंसियां सही से काम करे। मीटर रीडिंग की प्रगति बढ़ाई जाए। कार्य ऐसा हो कि अगर कभी औचक निरीक्षण होता है तो व्यवस्था बेहतर मिले। अधीक्षण अभियंता और अधिशासी अभियंता कार्यालय में सभी डाटा हमेशा अपडेट रहे। कार्यशाला में चीफ इंजीनियर कामर्शियल एआर वर्मा ने कहा कि मीटर रीडिंग लेने के लिए उपभोक्ता के यहां जाएं तो अकाउंट आईडी व मार्कर अवश्य लेकर जाएं और उपभोक्ता के मीटर पर उसे लिखें। कहा कि विद्युत चोरी रोकने के लिए अपने सब डिवीजन में हमेशा कहीं ना कहीं रेड जरूर डालें। कहा कि किसी भी अभियंता का मोबाइल बंद मिला तो खैर नहीं। जनता की समस्याओं को जितना सुनेंगे, कमियां दूर होंगी और उतनी ही व्यवस्था बेहतर होती जाएगी। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया की शिकायतों को भी गंभीरता से लेना है। इस पर स्वयं ऊर्जा मंत्री गंभीर हैं। कार्यशाला में मऊ व आजमगढ़ के अधीक्षण अभियंता के साथ बलिया के अधीक्षण अभियंता रामकिशोर, वह चारों खंड के अधिशासी अभियंता कर्म शाह आर ए प्रसाद, एनके झा, आरके सिंह, अर्जुन राम और अधिशासी अभियंता परीक्षण एस के मिश्रा मौजूद रहे। कार्यशाला में एमडी ने विभागीय समीक्षा भी की। उन्होंने जहां ट्रांसफार्मर बार-बार जल रहे हैं वहां के अवर अभियंता से इसका कारण जाना। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर कुछ को फटकार भी लगाई। उन्होंने साफ कहा कि अगर कहीं क्षमता वृद्धि करनी है तो करें। ओवरलोडिंग की समस्या है तो उसे खत्म करें। किसी भी सूरत में निर्बाध बिजली आपूर्ति उपभोक्ताओं को उपलब्ध कराना है। यह भी कहा कि जेई ढीले तारों को टाइट करने पर विशेष ध्यान दें।
कटिया लगाकर एसी चलाने वालों पर करें कार्रवाई : एमडी गोविंद राजू ने कहा कि प्राय: ऐसा होता है कि कुछ उपभोक्ता अलग से तार जोड़ कर एसी चलाते हैं। ऐसे उपभोक्ताओं पर नजर रखना क्षेत्र के अवर अभियंता और लाइनमैन की जिम्मेदारी है। इस पर रोक लगाने के लिए जल्द सुबह क्षेत्र में निकले और देखें। ऐसे घरों को चिह्नित कर लें और उन पर जरूरी कार्रवाई करें। मीटर रीडिंग की रिपोर्ट में गड़बड़ी पर नाराजगी जताते हुए कहा कि बिलिंग एजेंट लापरवाही न करेें और एसडीओ के संपर्क में रहें। हर हाल में बिलिंग की क्वालिटी में सुधार लाना है। अभियंताओं को कहा कि अगर बिलिंग एजेंट ठीक से काम नहीं करते हैं तो रिपोर्ट दें, उन पर कार्रवाई होगी।