बलिया। मतदान कार्मिकों का द्वितीय प्रशिक्षण रविवार को भी श्री मुरली मनोहर टाउन डिग्री कालेज में जारी रहा। प्रशिक्षण दो पालियों में 15 कमरों में आयोजित हुआ। सीडीओ प्रवीण वर्मा ने सभी कक्षों में प्रशिक्षण का निरीक्षण किया। मतदान कार्मिकों को फैसेलिटेशन सेंटर में विधान सभावार बने कक्षों में प्रपत्र-12 के माध्यम से मतदान के लिए प्रेरित किया।
दूसरे दिन पार्टी संख्या 849 से 1696 तक दोनों पालियों में कुल 3296 कार्मिकों को प्रशिक्षण प्राप्त करना था। इसमें 156 कार्मिक अनुपस्थित रहे। अनुपस्थित कार्मिकों में 35 पीठासीन अधिकारी, 30 मतदान अधिकारी प्रथम, 50 मतदान अधिकारी द्वितीय और 41 मतदान अधिकारी तृतीय सम्मिलित हैं। प्रथम दिन प्रशिक्षण में अनुपस्थित रहे 15 कार्मिकों द्वारा रविवार को प्रशिक्षण प्राप्त किया गया। मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि अनुपस्थित मतदान कार्मिक प्रशिक्षण अवधि में प्रशिक्षण प्राप्त कर अपनी उपस्थिति सुनिश्चित करें, अन्यथा प्रशिक्षण समाप्ति के बाद प्रशिक्षण दिवस पर अनुपस्थिति के लिए वेतन कटौती के साथ उनके विरूद्ध लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम-1951 की सुसंगत धाराओं के अन्तर्गत एफआईआर कराई जाएगी।
कर्मियों को दिया आयुष किट
सभी मतदान कार्मिकों को आयुर्वेदिक, यूनानी विभाग तथा होमियोपैथिक विभाग की तरफ से कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए आयुष किट तथा इम्यूनिटी बूस्टर वितरित किया गया। पंचायत चुनाव के समय ड्यूटी में लगे कई अधिकारी व मतदानकर्मी कोरोना के चलते काल के गाल में समा गए थे। इसे ध्यान में रखते हुए प्रशासन इस बार पहले से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम कर रहा है। इस बार कोरोना से बचाव के लिए व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं। मतदान में तैनात सभी कर्मियों, फ्रंटलाइन वर्कर, हेल्थकेयर वर्कर, पुलिस के जवानों को आयुष सुरक्षा किट उपलब्ध कराया जा रहा है। अक्षम, दुर्घटना में घायल, बीमार मतदान कार्मिकों का प्रशिक्षण स्थल पर मेडिकल बोर्ड द्वारा स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। प्रशिक्षण स्थल पर मतदान कार्मिकों को कोविड संक्रमण से बचाव के लिए वैक्सीनेशन भी कराया गया। मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि एक कार्मिक को पहली डोज, 10 कार्मिकों को दूसरी डोज और 230 कार्मिकों को बूस्टर डोज लगाई गई। डा.शशिप्रकाश, डा.अतुल कुमार, निलेश कुमार, राजित राम मिश्र, जिला विकास अधिकारी, श्री देवनन्दन दूबे, परियोजना निदेशक, डीआरडीए, श्री इन्द्राज, उप निदेशक, कृषि, श्री रामबहल, जिला प्रशिक्षण अधिकारी,श्री अतुल तिवारी, प्रधानाचार्य बलिया आदि उपस्थित रहे।