बेल्थरारोड। आगामी सात जून से बीटीसी तृतीय सेमेस्टर की होने वाली परीक्षा के लिए जिले में सिर्फ चार केंद्र जिला मुख्यालय पर बनाए गए हैं। नियमानुसार विद्यालय से परीक्षा केंद्र की दूरी 20 किलोमीटर से अधिक नहीं होनी चाहिए लेकिन परीक्षा केंद्र बनाने में इसका ध्यान नहीं रखा गया है। ऐसे में बेल्थरारोड के परीक्षार्थियों को 70-75 किलोमीटर दूरी तय करके परीक्षा देने के लिए जिला मुख्यालय पहुंचना पड़ेगा। इसको लेकर बीटीसी प्रशिक्षुओं में नाराजगी है।
बीटीसी तृतीय सेमेस्टर की होने वाली परीक्षा के लिए जिला मुख्यालय पर सिर्फ चार केंद्र बनाए गए हैं जबकि गाजीपुर में दो दर्जन और मऊ जिले में एक दर्जन से अधिक केंद्र बने हैं। यही नहीं, अन्य जिलों की अपेक्षा बलिया जिले में बीटीसी प्रशिक्षुओं की संख्या भी अधिक है। फिर भी पूरे जिले में सिर्फ चार केंद्र बनाए जाने का औचित्य समझ में नहीं आता। ऐसे में इस क्षेत्र के प्रशिक्षुओं को 70 से 75 किलोमीटर दूरी तय करके चिलचिलाती धूप में जिला मुख्यालय स्थित केंद्र पर जाना पड़ेगा, वहीं लंबी दूरी तय करने के दौरान साधन के अभाव में परीक्षा छूट भी सकती है। इस स्थिति को लेकर प्रशिक्षुओ में रोष व्याप्त है। प्रशिक्षुओं ने चेताया कि केंद्र निर्धारण में पुनर्विचार करते हुए मानक के अनुरूप सेंटर नहीं बनाया गया तो आंदोलन छेड़ा जाएगा।