सपा प्रत्याशी की गाड़ी पर पथराव, टूटे शीशे
- फोटो : amar ujala
बलिया। तिखमपुर स्थित मंडी समिति मार्ग पर मतगणना परिसर के बाहर गुरुवार की शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई जब किसी अराजकतत्व ने सपा प्रत्याशी सनातन पांडेय वाहन पर पत्थर फेंक दिया। इसके चलते उनके वाहन के शीशे टूट गए। इसकी भनक लगते ही गठबंधन व भाजपा प्रत्याशी के समर्थकों के बीच पत्थरबाजी शुरु हो गई। इसको शांत करने के लिए पुलिस को लाठियां भांजनी पड़ी तब जाकर भीड़ तितर बितर हुई। इस दौरान पुलिस की ओर से भीड़ को हटाने के लिए राईफल भी ताना।
बताया जाता है कि मंडी स्थित मतगणना स्थल से सपा प्रत्याशी सनातन पांडेय को बाहर निकले और गेट के बाहर खड़ी गाड़ी से शहर की जा रहे थे। वह ज्योंही मंडी समिति मार्ग से मुख्य मार्ग पर पहुंचे उनके वाहन पर किसी ने पथराव कर दिया जिससे उनके वाहने का शीशा चकनाचूर हो गया। इसके बाद पुलिस ने भीड़ को रोकने का प्रयास किया तो वहां पर मौजूद भाजपा समर्थक उग्र हो गए तथा पुलिस पर पथराव करने लगे। इसी दौरान भाजपा व गठबंधन प्रत्याशी के समर्थकों के बीच भी पथराव होने लगा। ईट-पत्थर चलता देख सुरक्षा में तैनात पुलिस व पीएसी के जवानों को भागना पड़ा। कुछ देर बाद अंदर व मुख्य गेट पर तैनात फोर्स को बुलाया गया। आनन-फानन में बॉडी प्रोटेक्टर व हेलमेट से लैस होकर पहुंचे जवानों ने पथराव करने वालों खदेड़ना शुरु कर दिया। इसी दौरान बलिया-बांसडीह मुख्य मार्ग पर पुलिस के पहुंचने के बाद भी सड़क के दोनों ओर खड़ी भीड़ पथराव करती रही। भगदड़ के दौरान पुलिस के जवानों की बाइक व बैरकेडिंग आदि गिर गया। पुलिस व पीएसी के कुछ जवानों ने भीड़ की तरफ राईफल भी तान दिया। हालांकि कुछ पुलिसकर्मियों ने हस्तक्षेप करते हुए भाजपा कार्यकर्ताओं व पुलिस के जवानों दोनों को रोका तथा बातचीत कर मामला शांत कराया।
उधर, इस घटना के नाराज सपा प्रत्याशी सनातन पांडेय, पूर्व मंत्री नारद राय, पूर्व मंत्री अम्बिका चौधरी, सपा जिलाध्यक्ष संग्राम सिंह यादव, पूर्व विधायक सुभाष यादव सैकड़ों सपा-बसपा व कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ कोतवाली के सामने पहुंचकर सड़क जाम कर दिया। वह धरने पर बैठ गये तथा पथराव करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करने लगे। इसकी जानकारी होने के बाद पुलिस व पीएसी के जवानों ने कोतवाली को घेर लिया। पुलिस अधिकारियों के आश्वासन के बाद जाम व धरना समाप्त हो सका।
इस बाबत एएसपी विजय पाल सिंह का कहना है कि विवाद को शांत करा दिया गया है। उनका कहना है कि सपा नेताओं की ओर से तहरीर दी गई है जिसके आधार पर मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई हो रही है।