बलिया। पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर रविवार को पुलिस अधीक्षक श्रीपर्णा गांगुली एवं अन्य अधिकारियों ने पुलिस लाइन स्थित शहीद स्मारक स्थल पर पुष्प अर्पित कर शहीदों को श्रद्घासुमन अर्पित किया। एसपी श्रीपर्णा गांगुली ने कहा कि ड्यूटी के दौरान शहीद हुए जवानों के बलिदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। उनके परिजनों के साथ पुलिस महकमा सदैव खड़ा है।
एसपी ने कहा कि प्रत्येक वर्ष 21 अक्तूबर को कर्तव्य पालन के दौरान शहीद होने वाले पुलिसकर्मियों की याद में सभी पुलिस बल द्वारा पुलिस स्मृति दिवस मनाया जाता है। इस दौरान पुलिसकर्मियों ने शोक सलामी दी। इस मौके पर एएसपी विजय पाल सिंह, सीओ सिटी एके सिंह, सीओ सदर अवधेश चौधरी, कोतवाल शशिमौलि पांडेय सहित अन्य अधिकारी व पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
उधर, विशुनपुरा क्षेत्र के श्री नरहेजी इंटर कालेज नरहीं में रविवार को पुलिस स्मृति दिवस आयोजित किया गया। इस अवसर पर शहीद सेना के जवान व नगरा थाना क्षेत्र के लेखमनपुर निवासी हरेराम की पत्नी निशा देवी को बीएसएफ के 76वीं बटालियन के अधिकारी कृष्णा मांझी ने अगवस्त्रम से अलंकृत किया। इसके पूर्व विद्यालय के प्रधानाचार्य विधिचंद प्रसाद ने शहीद के चित्र पर माल्यार्पण किया। इस मौके पर बब्बन सिंह, चंद्रशेखर सिंह, हीरा यादव, ओपी सिंह, शहीद के पिता मुन्नीलाल, भाई राम आशीष व अन्य परिजन मौजूद रहे। बता दें कि बीएसएफ के जवान हरेराम 26 अगस्त 2003 में जम्मू कश्मीर के लाल चौक पर आतंकी हमले में शहीद हो गए थे।
-------------------------------
इनसेट=
स्मृति दिवस पर हेडकांस्टेबल को दी श्रद्धांजलि
जयप्रकाशनगर। पुलिस स्मृति दिवस पर रविवार को गोरखपुर में तैनात तत्कालीन हेडकांस्टेबल स्व. रमाकांत सिंह को उनके पैतृक गांव कर्णछपरा में परिजनों को स्मृति पत्र व अंगवस्त्रम देकर सम्मानित किया गया। सम्मानित करने पहुंचे वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने कहा कि हेडकांस्टेबल रमाकांत सिंह की मृत्यु ड्यूटी के दौरान 21 जनवरी 2015 को हुई थी। कहा कि उनके द्वारा किए गए योगदान व उत्कृष्ट सेवा को हमेशा याद किया जाएगा। इस अवसर पर अधिकारियों ने परिवारीजनों की मांग को सरकार तक पहुंचाने का आश्वासन दिया। परिवारीजनों ने मझले पुत्र की नौकरी की मांग सरकार से की है। इस अवसर पर समाजसेवी दुर्गविजय सिंह झलन, संजय सिंह, विनोद सिंह, जितेंद्र सिंह, हाथी सिंह संदीप सिंह सहित रामाकांत सिंह के समस्त परिवार उपस्थित रहे।