लालगंज/मनियर (बलिया)। जनपद के दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में अगलगी से लगभग नौ झोपड़ियां और सामान राख हो गए। दो नो जगहों पर आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका।
पहली घटना दोकटी थाना क्षेत्र के मुरार पट्टी ग्राम पंचायत के दामोदर पुर हरिजन बस्ती पुरवा में अज्ञात कारण से सोमवार के दिन आग लग जाने से घुरुल राम,श्री भगवान राम, सूर्य कुमार राम,बिनोद राम, बिसुन राम, त्रिलोकी राम, प्रमोद राम, रामपति राम, नन्दलाल राम व आशतुरनी पत्नी लक्ष्मण राम का रिहायशी मड़हा जल गया। साथ ही उसमे रखा दैनिक उपभोग का सारा सामान भी जल गया। आग श्रीभगवान के घर से लगी और देखते ही देखते इन परिवारों का सब कुछ राख हो गया। सूचना पर चौकी प्रभारी लालगंज रविन्द्र नाथ राय, अग्नि शमन गाड़ी,100 नम्बर गाड़ी और लेखपाल शत्रुघ्न सिंह मौके पर पहुंचे। इससे पहले ग्रामीणों ने बोरिंग के माध्यम से आग पर काबू पा लिया था। अग्नि शमन पहुंचने के बाद आग को पूरी तरह बुझाया जा सका।
एक अन्य घटना में मनियर थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत विजुलीपुर पूर्वी में रविवार की रात अज्ञात कारणों से बब्बन राजभर के घर में 10 बजे रात में रिहायशी मड़हे धू-धू कर जलने लगी मड़हे में सोए हुए परिजनों को आग की तपिश महसूस होने पर नींद खुली तो पुलिस को सूचना के बाद हो हल्ला मचाया। पुलिस सहित आसपास के लोग जुटे, तब तक तीनों रिहायशी मड़हे व खाने पीने का सारा सामान जलकर राख हो गया। परिजनों के अनुसार, सरकारी आवास बनाने के लिए बैंक से 70 हजार रूपए निकाल कर घर में रखे गए थे, जो आग में जलकर राख हो गया। इस कड़ाके की ठंड में परिजन खुले आसमान में जीने को मजबूर हैं।