बलिया। नगर निकाय चुनाव की तिथि जैसे-जैसे नजदीक आती जा रही है, भाजपा, सपा, बसपा समेत अन्य राजनीतिक दलों एवं निर्दल प्रत्याशियों ने प्रचार प्रसार में पूरी ताकत झोंक दी है। भाजपा की तरफ से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जनपद में कार्यक्रम तय होने के साथ ही जनपद की राजनीति एक बार फिर से गरमाने लगी है। सांसद व विधायक से लेकर पार्टी के शीर्ष नेता भी लोगों के बीच जाकर मतदान करने की अपील करने लगे हैं।
जनपद में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का 21 और उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्या का 18 नवंबर को कार्यक्रम तय होने के बाद भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं में खुशी है। वह निकाय चुनाव में पार्टी की ओर से खड़े हुए उम्मीदवारों के लिए प्रचार में जुट गए हैं। उनका मानना है कि सीएम और डिप्टी सीएम का कार्यक्रम लगने से जनपद की राजनीति में कुछ न कुछ जरूर होगा। वहीं दूसरी ओर विपक्षी दल और निर्दल प्रत्याशियों की बेचैनी बढ़ गई है। इसको लेकर वे अपनी रणनीति बनाने में जुट गए हैं।
बलिया जनपद में दो नगर पालिका और आठ नगर पंचायत की सीटों पर अध्यक्ष और सभासद के लिए 26 नवंबर को मतदान होना है। चुनाव को लेकर सभी राजनीतिक दलों ने अपने-अपने प्रत्याशी मैदान में उतारे हैं और उसकी जीत के लिए पूरी ताकत भी झोंक दी है। भाजपा की तरफ से राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार उपेंद्र तिवारी के अलावा सांसद भरत सिंह, सांसद रविंद्र कुशवाहा व अन्य विधानसभा के विधायक पार्टी प्रत्याशी के समर्थन में लगातार जनसंपर्क कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर सपा की तरफ से नेता प्रतिपक्ष राम गोविंद चौधरी, राज्य सभा सांसद नीरज शेखर लोगों के बीच पहुंच रहे हैं। बसपा के पार्टी पदाधिकारी, जोनल को आर्डिनेटर अपनी-अपनी भूमिका के मुताबिक जनसंपर्क कर रहे हैं।
इनसेट=
विपक्षियों ने जनसंपर्क बढ़ाया
बलिया। पार्टी प्रत्याशियों के समर्थन में भाजपा की तरफ से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का जनपद में 21 नवंबर को शहर के पुलिस लाइन में कार्यक्रम तय है। कार्यक्रम तय होने की जानकारी होते ही अन्य दलों के नेता और निर्दलीय प्रत्याशी इसको लेकर खास रणनीति बनाने में जुट गए हैं। इसको लेकर उन्होंने अपना जनसंपर्क और बढ़ा दिया है। भाजपा सरकार की नाकामियों को जनता के बीच रख रहे हैं।