हल्दी। शिक्षा क्षेत्र बेलहरी के सुजानीपुर स्थित प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों पर चल रहा रसोइया प्रकरण दिनों-दिन गरमाता जा रहा है। पिछले वर्ष की नियुक्त रसोइया व वर्तमान समय की नियुक्त रसोइयों ने जिलाधिकारी व बेसिक शिक्षा अधिकारी को पत्र लिखकर न्याय की गुहार लगाई है। पूर्व की रसोइयों के शिकायती पत्र पर बेसिक शिक्षा अधिकारी ने कारण बताओं नोटिस जारी किया है। ऐसे में ग्राम प्रधान सहित ग्रामीणों को डर है कि आदर्श विद्यालय के रूप में शोहरत हासिल करने वाला विद्यालय की शिक्षा व्यवस्था बेपटरी न हो जाए।
सुजानीपुर स्थित परिषदीय विद्यालयों में चयनित रसोइयों का मामला पेंचीदा हो गया है। पिछले वर्ष काम करने वाली रसोइया व इस वर्ष चयनित रसोइया अपने-अपने दावों के साथ जिलाधिकारी व बेसिक शिक्षा अधिकारी का दरवाजा खटखटा रही है। वहीं ग्राम प्रधान ने भी बेसिक व जिलाधिकारी को पत्र लिखकर खंड शिक्षा अधिकारी पर मनमानी करने का आरोप लगाया है। इस मामले में बेसिक शिक्षा अधिकारी ने संबंधित प्रधानाध्यापकों को कारण बताओ नोटिस भेजकर जवाब मांगा है। नोटिस मिलने के बाद शिक्षकों के हाथ-पांव फूलने लगे है।