बलिया। उत्तर प्रदेश नगर उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के नगर इकाई के व्यापारियों ने जीएसटी की खामियों को दुरुस्त करने की मांग को लेकर शनिवार जिलाधिकारी कार्यालय पर प्रदर्शन किया। व्यापारियों ने प्रधानमंत्री को संबोधित पत्रक डीएम को सौंपा। इसके पूर्व व्यापारियों ने शहर में बाइक जुलूस भी निकाला।
व्यापारियों ने कहा कि मौजूदा समय में कपड़ा व्यवसाईयों पर सिर्फ उत्पाद शुल्क ही लगाया जाता था और इसके अलावा उन्हें अन्य कोई टैक्स नहीं देना पड़ता था। लेकिन अब उन पर जीएसटी लगाया जा रहा है जबकि अभी तक व्यापारी जीएसटी को पूरी तरह समझ भी नहीं पाए हैं। कहा कि फेरी कारोबार कर परिवार को भरण पोषण करने वाले अपना कारोबार कैसे कर पाएंगे और अपने स्टॉक का लिखापढ़ी कैसे कर सकेंगे। ऐसी परिस्थिति में इन्हें अपना कारोबार बंद करना पड़ेगा और आर्थिक संकट से जूझेंगें।
कहा कि जीएसटी में एक गलती पर जेल जाने का प्रावधान है, इसके चलते व्यापारियों में भय है। कहा कि एकबार फिर इंस्पेक्ट राज कायम हो जाएगा। इस मौके पर राजू वर्मा, अंजली सोनी, लखनलाल गुप्ता, अरुण कुमार गुप्ता, टुनटुन सर्राफ, रामकुमार मुन्ना, शनि कुमार, अजय गुप्ता, प्रकाश वर्मा, अभिषेक, सरदार देवेन्द्र सिंह, उमेश प्रसाद, वंशत केशरी, कृष्ण गोयल, भोला, जयप्रकाश गुप्ता, अनिल गुप्ता, नरेन्द्र खरवार, मु. आजाद, संतोष, दीपू वर्मा, बड़ेलाल, राजेश, गुड्डू अग्रवाल आदि थे।
.
जीएसटी के प्रावधानों के खिलाफ 30 को भारत बंद
बलिया। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल की बैठक शनिवार को मालगोदाम रोड पर आयोजित की गई। संगठन के जिलाध्यक्ष अशोक गुप्ता ने बताया कि संगठन के राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक शुक्रवार को दिल्ली में हुई थी। इसमें जीएसटी सरल, पारदर्शी तथा व्यवहारिक बनाने, भामाशाह को सजा की व्यवस्था समाप्त करने, महीने में तीन रिटर्न के स्थान पर एक त्रैमासिक रिटर्न करने, ईवे बिल का बोझ व्यापारियों पर न देने, जीएसटी को ऑनलाइन के साथ ही मैनुअल करने आदि की मांग सरकार से की गई है। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया है कि जीएसटी के घातक प्रावधानों के विरोध में 30 जून को भारत बंद किया जाएगा। इस मौके पर विजय कुमार, रितेश गुप्ता, रोहित वर्मा उर्फ मोनू, वजीर आलम, ओमप्रकाश रौनियार, सुनील गुप्ता, श्यामसुंदर गुप्ता आदि थे।