बांसडीह। नगर पंचायत अंतर्गत जूनियर हाई स्कूल से लेकर बड़ी बाजार तक निर्माणाधीन सड़कों से इन दिनों धूल का गुब्बारा उड़ रहा है। जिससे स्थानीय लोगों के साथ-साथ आने जाने वाले राहगीरों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सड़क को मूर्त रूप देने की दिशा में अधिकारियों की कुंभकर्णी नींद खुलने का नाम नहीं ले रही है। जबकि इसे लेकर युवा कांग्रेस सलेमपुर के अध्यक्ष प्रतूल ओझा कई मर्तबा आंदोलन कर चुके हैं तथ वर्तमान में हस्ताक्षर अभियान जारी है। उधर जनता-जनार्दन यह कहने को विवश है कि आखिर हम लोगों से क्या भूल हुई है, जो आज हम धूल फांकने के लिए विवश है।
उपरोक्त सड़क निर्माण का कार्य बीते मार्च के आखिरी सप्ताह में शुरू हुआ था। कार्य की गुणवत्ता तथा रफ्तार में तेजी थी। लेकिन अचानक कर्मचारियों का काम पर न आना, ठेकेदार का भी काफूर हो जाने से आधी-अधूरी सड़क ही बन सकी थी। लिहाजा अब गिट्टी-बालू धूल के रूप में लोगों का जीना दुश्वार कर दे रहा है। लगभग 50 लाख की लागत से बन रही सड़क आधा-अधूरा बनाकर छोडे़ जाने के कारण जो काम हुआ है, वह खराब होने लगा है। गिट्टियां उखड़कर तितर-बितर होने लगी है। वहीं गिराई गई बालू हवा में उड़कर लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। इस दिशा में प्रतूल कुमार ओझा शनिवार को दूसरे दिन भी हस्ताक्षर अभियान चलाया। क्षेत्र के दुर्गावती देवी, अमित यादव, गिरीश गुप्ता, अवनीश पांडेय, मुनजी कुमार, राजेश पांडेय, अनूप गुप्ता, अनिल पांडेय, बब्लू रावत, गोविंद पांडेय, रमाशंकर सिंह, गुड्डू पांडेय, धनजी मिश्रा आदि लोगों ने एसडीएम से तुरंत सड़क बनवाने की मांग की है।