बलिया। प्रथम यूपी खो-खो क्लब चैंपियनशिप में शामिल खिलाड़ियों का हौसला देखते ही बन रहा है। खेल मैदान पर अपनी जीत के लिए खिलाड़ी हर संभव प्रयास कर रहे है। टीमों के कोच भी समय-समय पर अपने खिलाड़ियों का दिशा-निर्देश देने से नहीं चुक रहे है। आलम यह है कि प्रदेश के कोने-कोने से आई टीमों के कौशल को देखकर हर कोई मंत्रमुग्ध हो जा रहा है। सुबह और शाम की पाली के प्रतियोगिता को देखने के लिए लोगों का हुजूम उमड़ रहा है।
जिला खो-खो संघ के तत्वावधान में आयोजित तहसीली स्कूल व रामलीला मैदान बलिया में सोमवार को प्रात:कालीन (बालक वर्ग) के लीग मैच में द्रोणाचार्य क्लब आजमगढ़, जिला खो-खो संघ इलाहाबाद, सनबीम स्कूल अगरसंडा बलिया और गोरखपुर क्लब ने अपने प्रतिद्वंद्वियों को हराते हुए सेमीफाइनल में प्रवेश किया। वहीं, बालिका वर्ग के लीग मैचों में उन्नाव एक्सप्रेस क्लब, संस्कार इंटरनेशनल क्लब, सनबीम स्कूल अगरसंडा बलिया और तहसीली स्कूल बलिया ने सेमीफाइनल में प्रवेश किया।
सनबीम स्कूल के निदेशक डॉ. अरुण सिंह गामा, प्रधानाचार्य सीमा देवी, प्रशांत कुमार पांडेय, वरिष्ठ पत्रकार धर्मेन्द्र पांडेय, मुकेश वर्मा, प्रीति गुप्ता, मृगेन्दु राय, कनक चक्रधर, चंद्रभानु सिंह, पंकज द्विवेदी, राजेश दूबे, अनिल कन्नौजिया, मो. वसीम, शालिनी श्रीवास्तव, कविता सिंह, रमेश श्रीवास्तव इत्यादि रहे। सत्यप्रकाश तिवारी, राजेश वर्मा, मंजीत, नवनीत वर्मा, चंद्रशेखर व तृप्ति अग्रवाल ने रेफरी की भूमिका बखूबी निभायी। प्रतियोगिता का समापन मंगलवार को होगा, जिसमें विजेता और उप विजेता टीम को पुरस्कृत किया जाएगा।