रामगढ़। अमर नाथ मिश्र पीजी कालेज दूबे छपरा में छात्र संघ चुनाव की सारी तैयारी पूरी हो गई है। चुनाव अधिकारी श्याम बिहारी श्रीवास्तव ने बताया कि मुख्य गेट पर त्रिस्तरीय जांच की व्यवस्था की गई है। जिसमें जांच के बाद छात्र-छात्राएं मतदान स्थल तक पहुंच पाएंगे। कुल 1920 छात्र-छात्राएं मंगलवार को अपना नेता चुनेंगे।
बता दें कि अमर नाथ मिश्र पीजी कालेज दूबे छपरा में कुल पांच पदों पर सात उम्मीदवार मैदान पर है। जिसमें उपाध्यक्ष, पुस्तकालाय मंत्री, कलासंकाय के पद पर एकल प्रत्याशी होने के चलते निर्विरोध चुना जाना तय है। वहीं अध्यक्ष व महामंत्री के पद पर दो-दो प्रत्याशी होने के चलते कांटे की टक्कर है। हर प्रत्याशी के दावेदार अपने प्रत्याशी की जीत सुनिश्चित बता रहे हैं। अध्यक्ष पद पर रोशन कुमार दूबे व संदीप कुमार यादव में कांटे की टक्कर है तो महामंत्री पद पर विकास कुमार सिंह व सोनू कुमार वर्मा एक-दूसरे के बीच कांटे का मुकाबला है। देखना यह होगा कि मंगलवार को किसके सिर अध्यक्ष व महामंत्री का सेहरा कालेज के छात्र-छात्राएं बांधते हैं। कॉलेज के प्रॉचार्य डा. गणेश पाठक ने बताया कि चुनाव से संबंधित सारी तैयारी पूरी हो चुकी है। परिंदा पैर न मार सके। इसके लिए सुरक्षा के चाक-चौबंद व्यवस्था किए गए हैं। पुलिस प्रशासन की मानें तो मुख्य सड़क पर ही बैरिकेडिंग की गई है, जहां से एक-एक छात्र-छात्रा मुख्य गेट तक पहुंचेंगे।