बलिया। नगर के बापू भवन टाउन हाल के सभागार में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के तत्वावधान में रविवार को प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। जिसमें वर्ष 2016-17 के करीब 300 मेधावी छात्र-छात्राओं को मेडल और प्रशस्ति पत्र विधानसभा अध्यक्ष हृदयनारायण दीक्षित ने देकर सम्मानित किया। जिसके बाद छात्र-छात्राओं के चेहरे खिलखिला उठे। इसके पूर्व मुख्य अतिथि ने मां सरस्वती व स्वामी विवेकानंद के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कार्यक्रम का शुभारम्भ किया। तत्पश्चात छात्रों आगे बढ़ने के टिप्स दिया।
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि ने कहा कि प्रतिभावान बच्चें वर्तमान सामाजिक व राजनैतिक व्यवस्था का सबसे महत्वपूर्ण घटक है। यही देश का वर्तमान है औैर भविष्य भी। यही प्रतिभावान बच्चें सामाजिक संवेदनशीलता और प्रखर राष्ट्रीयता की भावना से समाज तथा राष्ट्र के निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका अदा करते है। विश्व इतिहास का वर्तमान अध्याय युवाओं के सृजन और संघर्ष का प्रतिफल है। उन्होंने बच्चाें के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विशिष्टि अतिथि भाजपा नेता दयाशंकर सिंह ने कहा कि प्रतिभा सम्मान प्राप्त करने वाले विद्यार्थी राष्ट्र निर्माण में उत्कृष्ट कार्य करेंगे। यह मेरी शुभकामना है।
अभाविप के क्षेत्रीय संगठन मंत्री रमेश गरिया ने कहा कि विद्यार्थी परिषद कार्य इन्हीं प्रतिभावान छात्रों के माध्यम से व्यक्ति निर्माण करना है। उन्होंने समस्त छात्र-छात्राओं को शुभकामना देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इसके पूर्व आयोजक मंडल ने मुख्य अतिथि व विशिष्टि अतिथि को स्मृति चिह्न व पुष्प गुच्छ देकर सम्मानित किया। इस मौके पर डा. धमेंद्र सिंह, हरेंद्र नाथ मिश्र, मधुकर चौबे समेत सैकड़ाें छात्र-छात्राएं मौजूद रही।
भाजपाइयों व रसड़ा एसडीएम में नोकझोंक
बलिया। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के तत्वावधान में नगर के टाउन हाल में आयोजित प्रतिभा सम्मान समारोह में पुलिस लाइन के परेड ग्राउंड में पहुंचे विधान सभा अध्यक्ष हृदयनारायण दीक्षित के स्वागत के लिए अंदर जाने को लेकर भाजपा जिलाध्यक्ष, भाजपा अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष के साथ रसड़ा एसडीएम के साथ कहासुनी हो गई। मामला इतना बढ़ गया कि लगा कि हाथापाई हो जाएगी। लेकिन वहां मौजूद अधिकारियों के बीच-बचाव के बाद मामला शांत हो गया।