बलिया। केंद्र सरकार द्वारा ग्रामीण विकास मंत्रालय की ओर से जॉब कार्डधारकों को सोलर सेट देने की योजना है। इसके तहत विभाग की वेबसाइट पर 21 जुलाई तक ‘मनरेगा डाट ओआरजी डाट इन’ पर अपना पंजीयन कराना होगा, लेकिन वेबसाइट नहीं खुलने से जॉब कार्डधारक परेशान हैं। जिले में दो लाख 37 हजार जॉब कार्ड धारक हैं।
सरकार के अनुसार ग्रामीण विकास मंत्रालय ने राष्ट्रीय ग्रामीण विकास मनरेगा योजना के तहत जॉब कार्डधारकों को सोलर सेट तथा हाथ के कुछ उपकरण वितरित करने की तैयारी की है। जिससे बिजली न रहने पर रोशनी की समस्या न हो। जॉब कार्ड धारक रघुनाथपुर निवासी रामनाथ राजभर के अनुसार अपना पंजीकरण कराने के लिए अब तक दर्जनों बाद साइबर कैफे या फिर जनसेवा केंद्र का दौड़ लगा चुके हैं। लेकिन वेबसाइट न खुलने के कारण अभी तक पंजीकरण हो नहीं पाया है। यही हाल हरपुर निवासी जॉब कार्ड धारक सुरेंद्र यादव, वीरेंद्र राम का है जो आज दस दिनों से विभिन्न साइबर कैफे का चक्कर लगा रहे हैं। लेकिन कहीं भी पंजीकरण हो नहीं पा रहा है। वेबसाइट खुल ही नहीं रही है। ऐसे में निर्देश है कि 21 जुलाई तक ही पंजीकरण होना है। जॉब कार्ड धारक बुरे फंस गए हैं, क्योंकि अगर वेबसाइट खुल भी जाती है तो मात्र चार दिन में लाखों जॉब कार्डधारक कैसे अपना पंजीकरण कराएंगे।