बलिया। सड़क दुर्घटना में होने वाली अधिकांश मौत हेड इंजरी (सिर में चोट लगने) से हो रही है। हेलमेट अनिवार्य होने के बाद भी बाइक सवार नहीं पहनते हैं। इस साल जनवरी से अब तक 329 सड़क दुर्घटनाओं में 283 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं, 240 लोग घायल हुए हैं। पिछले 15 दिन में 14 मौतें हुई हैं। इसमें नौ मौतें बाइक सवारों की हुई है। कुल दुर्घटनाओं में करीब 70 प्रतिशत की मौत हेलमेट नहीं पहनने की वजह से हुई है।
रोजाना औसतन 40 बाइक सवारों पर हेलमेट न पहनने पर कार्रवाई की जाती है। पिछले 11 माह में 52108 वाहनों का ई-चालान किया गया है। इसमें 34 हजार से अधिक बाइके शामिल हैं। मंगलवार को यातायात पुलिस विभाग ने 32 बिना हेलमेट के बाइक चलाने वालों पर कार्रवाई की।
-
केस 1: रसड़ा कोतवाली के संवरा के पास ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार 28 साल के अरविंद साहनी व 31 साल के दिनेश साहनी निवासी कोपागंज मऊ की मौत हो गई। हेलमेट न पहनने के कारण सिर में चोट लगने से मौत हुई।
केस 2: गड़वार थाना क्षेत्र के रतसर मार्ग पर बाइक से जा रहे बुद्विराम की मौत हो गई। पीछे बैठे गौरीकांत घायल हो गए। दोनों ने हेलमेट नहीं पहना था।
केस 3 : हल्दी थाना क्षेत्र के गायघाट के पास पिकअपकी के टक्कर से बाइक चला रहे रमेश साहनी व पीछे बैठे लखन साहनी की मौत हो गई। हेलमेट न पहनने के कारण हेड एंजरी होने के कारण मौत हुई।
केस 4 : बलिया-गड़वार मार्ग के कटरिया के पास बाइक सवार मुमताज की मौत हो गई। बाइक से दो लोग नगरा की तरफ जा रहे थे, अचानक मोड़ पर सामने से आ रहे किसी वाहन से टक्कर हो गई।
सड़क दुर्घटना में अधिकतर बाइक सवारों की मौत सिर में चोट लगने के कारण होती हैं। हेलमेट का प्रयोग करने से सिर सुरक्षित रहता है। शरीर के अन्य हिस्से में चोट लगने पर इलाज के बाद ठीक हो सकता है। लेकिन हेड इंजरी में मौत की आशंका बढ़ जाती है।
डाॅ. एसएन राय, सर्जन, जिला अस्पताल।
बाइक चलाते समय हेलमेट का प्रयोग करने के लिए हमेशा जागरूकता अभियान चलाया जाता है। पुलिस कार्रवाई करती है। खुद व परिवार के सुखमय भविष्य के लिए बाइक चलाते समय हेलमेट का प्रयोग करना चाहिए।
- गौरव कुमार शर्मा , सीओ सीटी / यातायात नोडल।