लोकसभा चुनाव में मतदान प्रतिशत बढ़ाने को लेकर मतदाता जागरूकता अभियान का शुभारंभ किया जाएगा। जिलाधिकारी रविंद कुमार के निर्देश पर जिले में संचालित 138 महाविद्यालयों को इस अभियान में शामिल किया गया है।
महाविद्यालयों में अध्ययनरत् छात्र व युवा मतदाता का समूह बनेगा और उनकी क्षमता का उपयोग महाविद्यालयों के आसपास के क्षेत्रों में मतदाता जागरूकता कार्यक्रमों के प्रचार-प्रसार के लिए जनसंपर्क, रैली, मानव श्रृंखला आदि कार्यक्रम होंगे। इसके लिए महाविद्यालयों के प्राचार्य नोडल अधिकारी नामित किए गए हैं।
मतदाता जागरुकता कार्यक्रम विद्यालय से लेकर ग्राम पंचायत स्तर तक आयोजित होंगी। यह जानकारी जिला विद्यालय निरीक्षक और स्वीप के नोडल रमेश सिंह ने बुधवार को दी। वे अपने कार्यालय में मीडिया कर्मियों से बात कर रहे थे।
डीआईओएस ने बताया कि जिला मुख्यालय पर 30 मार्च को टाॅउन काॅलेज चौराहा पर संकल्प संस्था द्वारा नुक्कड नाटक एवं मतदाता जागरूकता गीत की प्रस्तुति, 06 अप्रैल को गुलाब देवी बालिका डिग्री कॉलेज पर संकल्प संस्था द्वारा नुक्कड नाटक एवं मतदाता जागरूकता गीत की प्रस्तुति, 12 अप्रैल को कदम चौराहा पर संकल्प संस्था द्वारा नुक्कड नाटक एवं मतदाता जागरूकता गीत की प्रस्तुति की जाएगी।