बलिया। जिला मुख्यालय के करीब केंद्रीय विद्यालय स्थित एक क्वारंटीन सेंटर से 136 लोगों को क्वारंटीन की अवधि पूरी होने पर मंगलवार को विदा किया गया। इन सभी को पंद्रह दिन की राशन सामग्री दी गई और घर जाकर भी 14 दिनों तक क्वारंटीन रहने की हिदायत दी गई।
केंद्रीय विद्यालय में जिलाधिकारी श्रीहरि प्रताप शाही ने 75 व्यक्तियों को आगामी 15 दिन का राशन सामग्री देकर विदा किया। इसमें 55 सीतापुर के, 14 लखीमपुर खीरी, 5 जालौन और एक-एक मऊ व आजमगढ़ के थे। डीएम ने सभी लोगों से व्यवस्था संबंधी जानकारी ली तो सभी ने संतोषजनक बताया। रोडवेज की तरफ से बसों की व्यवस्था की गई थी। एक बस में 25 से 30 के बीच सवारी बैठाकर भेजा गया, ताकि सब आराम से सोशल डिस्टेंस का अनुपालन करते हुए अपने गंतव्य तक पहुंच जाएं। इस मौके पर कतार लगाकर सभी लोगों को जिलाधिकारी ने जिला प्रशासन की ओर से जारी एडवाइजरी वितरित की। बस में बैठने से पहले उनको राहत सामग्री दी गई, ताकि घर जाने के बाद खाने-पीने में कोई दिक्कत ना हो। जिलाधिकारी ने कहा कि सभी लोग यहां से जाने के बाद भी घर पर कम से कम और 14 दिन अकेले में ही रहेंगे।
व्यवस्था से थे सभी खुश, डीएम ने इसे बताई उपलब्धि
बलिया। क्वारंटीन में रखे गए सीतापुर, जालौन, लखीमपुर खीरी समेत बाहरी जिलों के लोगों ने अपना अनुभव साझा किया। उनका कहना था कि क्वारंटीन सेंटर में हम लोगों के मनोरंजन के लिए कैरमबोर्ड, विभिन्न प्रकार की किताबें, लूडो जैसी सामग्री उपलब्ध कराई गई थी। टीवी के साथ प्रतिदिन अखबार भी मिल रहा था। पुलिस-प्रशासन के सहयोग से समय से खाना पानी पाकर ऐसा लग ही नहीं रहा था कि हम अपने घर से कहीं दूर किसी सेंटर में है।
एसडीएम, नायब तहसीलदार व एसओ को सराहा
बलिया। क्वारंटीन सेंटर से लोगों को विदा करने के बाद जिलाधिकारी ने एसडीएम अश्वनी कुमार श्रीवास्तव, नायब तहसीलदार जया सिंह व अजय कुमार सिंह के अलावा थानाध्यक्ष सुखपुरा वीरेंद्र यादव की सराहना की। उन्होंने कहा कि इनकी बेहतर व्यवस्था के दम पर आज ये दूर-दराज जनपद के रहने वाले लोग पूरी तरह संतुष्ट हैं। निश्चित रूप से इन सभी लोगों को खुश रखना चुनौतीपूर्ण था। हालांकि, यहां से विदा होते समय सभी लोगों ने भी क्षेत्रीय अधिकारियों को बड़ी विनम्रता के साथ प्रणाम नमस्कार किया।