बेरूवारबारी। स्थानीय ब्लॉक मुख्यालय पर शुक्रवार को रसोइया संघ की जिला अध्यक्ष चमेली देवी के नेतृत्व में बैठक हुई । इसमें कहा गया कि ब्लॉक व जनपद की समस्त रसोइया का मानदेय जुलाई से अभी न मिलने से रसोइया परेशान हैं। उनका मानदेय 1000 होने की वजह से उन का भरण पोषण भी सही ढंग से नहीं हो पाता है।
रसोइया संघ की ब्लाक अध्यक्ष चंदा देवी ने बताया कि हम लोग विद्यालय का सब काम करते हैं, यहां तक कि विद्यालय में झाड़ूू बर्तन अध्यापक लोगों को चाय नाश्ता बच्चों का खाना उनका बर्तन धोना सारे काम हम ही करते हैं। लेकिन हम लोगों को 27 रुपया रोज के हिसाब से सरकार मानदेय देती है, जो बहुत ही कम है। वहीं, ब्लॉक उपाध्यक्ष श्रीमती हेमा ने कहा कि हम लोगों का मानदेय जुलाई से अभी तक नहीं मिला है। इसकी वजह से हम अपने परिवार सहित भूखे रहने को मजबूर हैं।
इस दौरान जिला अध्यक्ष चमेली देवी ने कहा कि अगर रसोइयों का मानदेय जल्द से जल्द नहीं मिला तो आगामी आठ मार्च को जिला मुख्यालय का घेराव किया जाएगा। वह खंड शिक्षा अधिकारी सुभाष गुप्ता ने बताया कि रसोइया के मानदेय के लिए जिले से ही बजट ना आने की वजह से विलंब हुआ है, जब भी बजट आ जाएगा सब का मानदेय उपलब्ध करा दिया जाएगा। इस मौके पर मुख्य रूप से प्रभावती देवी, आशा देवी, फुलवरिया, राज मुनिया, आशा, बासमती, विजयन्ती, फूलपत्ती, सोनिया, ज्ञानती ,सहित सैकड़ों ब्लॉक व जनपद से आई हुई रसोइया उपस्थित रहीं।