जयप्रकाशनगर। गांधीजी की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में गांधी स्मृति के तहत सांसद भरत सिंह के नेतृत्व में रविवार को पद यात्रा निकाली गई। इसका शुभारंभ जयप्रकाश नगर ट्रस्ट स्थित लोकनायक जयप्रकाश नारायण की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित करने के बाद हुआ। पद यात्रा भवन टोला गांव में डोर टू डोर होते हुए बाबू के डेरा होकर इब्राहिमाबाद नौबरार स्थित कारगिल शहीद अवनीश यादव के घर जाकर समाप्त हुआ।
पद यात्रा से पहले जेपी नगर ट्रस्ट पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए सांसद भरत सिंह ने कहा कि लोकनायक जयप्रकाश नारायण ने 1974 में संपूर्ण क्रांति आंदोलन किया था। कहा कि महात्मा गांधी के बाद देश के किसी नेता को लोकनायक की उपाधि मिली तो वे हैं जयप्रकाश नारायण। प्रधानमंत्री के निर्देश पर लोकनायक जयप्रकाश की पवित्र धरती से पद यात्रा का शुभारंभ किया हूं। प्रधानमंत्री ने देश के गरीबों केे पक्का आवास दिया है, जिनका नहीं बना है सर्वे कर बनवाया जा रहा है, जिनके घर शौचालय नहीं है उनको शौचालय बनवाने का कार्य हो रहा है। इसके अलावा उन्होंने युवाओं को शिक्षा, महिलाओं को सम्मान, पेयजल, स्वास्थ्य, कानून व्यवस्था, औद्योगिक विकास आदि दर्जनों योजनाओं को लागू किया। इस मौके पर नंदजी सिंह, विजयबहादुर सिंह, अमिताभ उपाध्याय, रमाकांत पांडेय, सुधांशु तिवारी, तेजनारायण मिश्र, अमित तिवारी, रविप्रकाश गिरि, अनिल पांडेय, विक्की सिंह, गामा सिंह आदि रहे।
चार साल का हिसाब मांगने वाले 70 साल का पहले हिसाब दें
मनियर। गांधी जयंती के उपलक्ष्य में भाजपा द्वारा चलाई जा रही कमल संदेश पदयात्रा विकास खंड मनियर के ग्राम पंचायत विशुनपुरा में रविवार को बेरुआरबारी मंडल अध्यक्ष अजय सिंह की देखरेख में निकाली गई। यह पदयात्रा विशुनपुरा से आरंभ होकर धर्मपुरा होते हुए रामपुर में जाकर जन चौपाल में तब्दील हो गया।
जन चौपाल को संबोधित करते हुए पंचायत प्रकोष्ठ के मंडल संयोजक अशोक सिंह ने सरकार द्वारा चलाई गई योजनाओं के बारे में बताते हुए विपक्ष पर जमकर निशाना साधा। कहा कि चार साल का हिसाब मांगने वाले 70 साल का पहले हिसाब दें। भाजपा नेता व प्रधान संघ के जिलाध्यक्ष श्रीनिवास मिश्रा ने ग्राम पंचायत से जुड़ी योजनाओं को जनता के सामने रखा। वक्ताओं ने कहा कि मोदी-योगी से खौफ खाकर आज विपक्ष अपना संतुलन खो बैठा है और बिना मुद्दे की राजनीति कर रहा है। इस मौके पर कृष्णा चौहान, इंद्रजीत तिवारी, मार्कंडेय मिश्र, रणवीर सिंह, दिनेश बारी, अभिमन्यु राजभर आदि रहे। संचालन मंडल महामंत्री अभिषेक उपाध्याय ने किया।
कमल संदेश यात्रा से केंद्र की योजनाओं की दी जानकारी
बेल्थरारोड । महात्मा गांधी की 150वीं जयंती पर कमल संदेश यात्रा के तहत रविवार को सलेमपुर सांसद रवींद्र कुशवाहा के नेतृत्व में पदयात्रा निकाली गई।, जिसमें भारी संख्या में कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। इस दौरान विभिन्न ग्रामों में व्यापक रूप से जन संपर्क करते हुए सांसद कुशवाहा ने सरकार द्वारा संचालित योजनाओं के बारे में आमजन को अवगत कराया।
सांसद ने कहा कि सबका साथ सबका विकास की तर्ज पर सरकार सर्व समाज के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने सरकार की योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की। बेल्थरा बाजार से करीमगंज, ककरासो समेत विभिन्न ग्रामों का भ्रमण कर पदयात्रा चौकिया मोड़ पहुंची। इस दौरान सांसद ने कहा कि भाजपा विश्व की सबसे बड़ी सदस्यों वाली पार्टी है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी विश्व के सर्वाधिक लोकप्रिय नेता हैं। कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में तेजी से विकास हो रहा है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से सरकार द्वारा जनहित में लागू की गई जन कल्याणकारी योजनाओं को जनता के बीच पहुंचाने और उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उनके निराकरण के लिए प्रयास जारी रखने का आवाहन किया। इस मौके पर देवेंद्र गुप्त, विनय सिंह, रणजीत कुशवाहा, सखीचंद्र राजभर, जितेंद्र, वीरेंद्र तिवारी, अशोक कुशवाहा आदि रहे।