सिकंदरपुर। शासन के निर्देश पर तहसील सिकंदरपुर में उप जिलाधिकारी सिकंदरपुर राजेश कुमार यादव के नेतृत्व में पॉल्यूशन एवं पर्यावरण को बचाने के लिए फसल अपशिष्ट को जलाने पर जहां किसानों पर जुर्माना लगाया जा रहा है। वही चिह्नित कर किसानों को नोटिस भी जारी किया जा रहा है। जिससे अपशिष्ट जलाने वालों में हड़कंप मचा हुआ है।
ज्ञात हो कि शासन का निर्देश है कि फसल अवशेषों को जलाने के बजाय वैकल्पिक उपयोग बायो एनर्जी मिशन व कंपोस्ट खाद बनाने में किया जाए, लेकिन ज्यादातर लोग अपशिष्ट को खेत में जला दे रहे हैं। जिससे पैदावार भी कम हो रहा है। वहीं पॉल्यूशन व पर्यावरण को भारी नुकसान हो रहा है। उपजिलाधिकारी सिकंदरपुर राजेश कुमार यादव ने बुधवार की शाम अपशिष्ट जलाने पर खेजुरी थाना क्षेत्र के जनुवान गांव निवासी संजय पुत्र जगन्नाथ को खेजूरी पुलिस के हवाले कर दिया। जहां 2500 रुपये जुर्माना देने के बाद उसे छोड़ दिया गया। वहीं लेखपालों द्वारा भी गांव-गांव में अपशिष्ट जलाने वाले लोगों को चिह्नित कर नोटिस जारी किया जा रहा है।
इस संबंध में उपजिलाधिकारी सिकंदरपुर राजेश कुमार यादव ने बताया कि दो एकड़ से कम खेत वाले लोगों पर 2500 रुपये जुर्माना। जबकि दो एकड़ से अधिक खेत वाले लोगों पर 5000 रुपये जुर्माना का प्राविधान है। वहीं पांच एकड़ से अधिक खेत जलाए जाने पर 15000 तक जुर्माना का प्रावधान है। जिसका कड़ाई से पूरे तहसील क्षेत्र में पालन कराया जा रहा है। अब तक दर्जनों लोगों को चिह्नित कर कारण बताओ नोटिस जारी किया जा चुका है। इसके अलावा क्षेत्रीय लेखपालों को ज्यादा से ज्यादा लोगों को चिन्हित कर नोटिस जारी कर जुर्माना वसूलने का निर्देश दिया गया है। बताया कि अगर इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही किसी अधिकारी के द्वारा की जाएगी तो उसके विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।