बलिया। शहर कोतवाली क्षेत्र के विजयीपुर वार्ड नंबर 19 निवासी एक युवक गंगा में स्नान करते समय विजयीपुर गंगा घाट पर डूब गया। सूचना के बाद मौके पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने गोताखोरों की मदद से युवक की तलाश कराई लेकिन उसका अतापता नहीं चला।
कोतवाली क्षेत्र के विजयीपुर निवासी सूरज गोंड (24) पुत्र सुग्रीव अपने पिता के साथ मंगलवार की सुबह गंगा में स्नान करने गया था। सूरज के पिता अभी दातून कर ही रहे थे कि वह गंगा में स्नान करने लगा। इसी बीच उसका पैर गहरे पानी में चला गया, जिससे वह डूब गया। पिता अभी यही समझ रहे थे कि उनका बेटा डुबकी लगाया हुआ है लेकिन काफी देर बाद भी जब वह पानी से ऊपर नहीं आया तो उन्होंने रोना शुरू कर दिया। इसकी सूचना उन्होंने परिवार के लोगों को दी। घरवाले युवक को तलाशते रहे लेकिन कहीं पता नहीं चला। मौके पर पहुंचे ओक्डेनगंज चौकी प्रभारी बृजेश शुक्ला सहित पुलिसकर्मियों ने गोताखोरों को बुलाकर उन्हें भी गंगा में उतारा लेकिन वह भी युवक की तलाश नहीं कर पाए।