बलिया। नगर की दुकानों में अब पॉलिथीन बेचना महंगा पड़ेगा। वहीं नालों पर अतिक्रमण को भी नगर पालिका ने गंभीरता से लिया है। नपा ने दुकानदारों को ताकीद की है कि वह पॉलिथीन में सामान बेचने से बाज आएं। साथ ही नालों पर काबिज अतिक्रमणकारी भी अपने अतिक्रमण हटा लें। अन्यथा वह चलाए जाने वाले अभियान से बच नहीं सकते। कार्रवाई के साथ ही उनसे जुर्माना वसूला जाएगा।
पर्यावरण तथा स्वास्थ्य को स्वच्छ व स्वस्थ रखने के उद्देश्य से कोर्ट ने पॉलीथिन पर रोक लगाने का आदेश दिया था। जिला प्रशासन व पुलिस महकमा ने अभियान चलाकर दुकानों पर छापेमारी की थी। डर से कुछ दुकानदारों ने कैरी बैग का प्रयोग शुरू कर दिया था। यह सिलसिला कुछ माह तक ठीक-ठाक चला। लेकिन उसके व्यवस्था फिर पुराने ढर्रे पर आ गई। मौजूदा समय में पॉलिथीन का प्रयोग धड़ल्ले से किया जा रहा है। वहीं नगर के नालियों पर ठेला-खुमचा वालों का कब्जा है। जिसे हटाने और रोकने के लिए नगर पालिका प्रशासन ने पहले लाउडपीकर से एलान कराकर पॉलिथीन की जगह कैरी बैग का प्रयोग करने तथा नालों पर से अतिक्रमण हटाने की अपील की थी। बावजूद दुकानदार नहीं चेते। मजबूर होकर नगर पालिका प्रशासन ने कार्रवाई आरम्भ कर दी गई है।
इस बाबत नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी डीके विश्वकर्मा ने बताया कि नालों की साफ-सफाई में कोई अवरोध न हो। इसके लिए नालों पर अतिक्रमण किए लोगों को पहले चेताया गया, अब कार्रवाई की जा रही है। इसी प्रकार पॉलिथीन बेचने वालों के विरूद्ध भी कार्रवाई की जा रही है। ताकि नालियों को जाम होने तथा पर्यावरण को दूषित होने से बचाया जा सके।