दुबहर। क्षेत्र के राजकीय बालिका इंटर कालेज रामपुर बसारिकपुर में शासन द्वारा पिछले वर्ष मरम्मत के लिए 50 लाख रुपए की धनराशि आवंटित की गई थी। जिसका आनन-फानन में कार्य भी प्रारंभ कर दिया गया था। लेकिन कार्यों की गुणवत्ता ठीक न होने के चलते ग्रामीणों के विरोध पर नगर विधानसभा के विधायक आनंद स्वरूप शुक्ल ने जिलाधिकारी से वार्ता कर निर्माण कार्य को रुकवाते हुए उसकी गुणवत्ता सुनिश्चित कराने की बात कही थी। इस पर कुछ महीनों तक निर्माण का कार्य रुका रहा , लेकिन पिछले दिनों विद्यालय में निर्माण कार्य पुन: शुरू कर दिया गया है । जिसमें मानकों की घोर अवहेलेना की जा रही है । ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि निर्माण कार्य की देखरेख के लिए जिलाधिकारी के नेतृत्व में समिति का गठन होना चाहिए। ताकि विद्यालय के जीर्णोद्धार और मरम्मत के लिए आए धनराशि का समुचित उपयोग हो सके और ठेकेदारों की लूट-खसोट और मनमानी पर अंकुश लगे।