नगर पालिका परिषद बलिया में ठेकेदार द्वारा रखे गए दैनिक सफाईकर्मी, संविदा रेग्युलर सफाईकर्मी, जलकर, ड्राइवर एवं अन्य कर्मचारियों का अनिश्चितकालीन हड़ताल नगर पालिका परिषद में शुक्रवार को चौथे दिन भी जारी रहा। जिसमें सफाई नायकों, सफाई निरीक्षकों द्वारा की गई लूट-खसोट की जांच कर कार्रवाई करने तथा ठेकेदारी प्रथा समाप्त करने की मांग की गई।
धरने को संबोधित करते हुए उप्र सफाई कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष राकेश रोशन ने कहा कि सफाई नायकों, सफाई निरीक्षकों एवं वर्तमान नपा अयक्ष द्वारा समस्या का निदान करने के बजाय हड़तालकर्मियों के बीच अफवाह फैलाया जा रहा है कि तुम लोगों को हमेशा के लिए हटा दिया गया है। कहा कि नगर पालिका परिषद के सफाई नायकों, सफाई निरीक्षकों और ठेकेदारों के विरूद्ध अधिशासी अधिकारी से लेकर जिलाधकिारी से शिकायत की गई थी। लेकिन इनके विरूद्ध अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई। जिससे मजबूर होकर अनिश्चितकालीन हड़ताल करने के लिए बाध्य होना पड़ा। महामंत्री जयनाथ यादव ने कहा कि दैनिक कर्मचारियों से मानक से अधिक कार्य कराया जाता है। विरोध करने पर कार्य से निकालने की धमकी दी जाती है। कहा कि ठेकेदार द्वारा दैनिक पर रखे गए सफाईकर्मी, जलकर, चालकों का उत्पीडन किया जाता है। उन्होंने मांग किया कि नगर पालिका परिषद से ठेकेदारी प्रथा समाप्त की जाय और दैनिक सफाईकर्मी, जलकल, चालक के पद पर कार्यरत समस्त कर्मचारियोंको नगर पालिका परिषद में समायोजित किया जाय। समस्त कर्मचारियों का भुगतान बैंक के माध्यम से किया जाय। समस्त कर्मचारियों का मई 2017 से पीएफ काटा जाय। चेताया कि जब तक भ्रष्टाचार की जांच कर दोषियों के विरूद्ध कार्रवाई नहीं की जाती तथा मांग पूरी नहीं की जाती। तब तक यह हड़ताल अनवरत चलता रहेगा। इस मौके पर अर्जुन रावत, आर्यन रावत, विशाल रावत, इंद्रजीत रावत, सुनिल रावत, प्रदीप रावत, राजू रावत समेत दर्जनों कर्मचारी मौजूद रहे।