बैरिया। सोनबरसा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर 24 मई को हुए बवाल के मामले में बैरिया पुलिस ने तीसरा मुकदमा दलित उत्पीड़न का दर्ज किया है। यह मुकदमा अर्जुन पासवान निवासी किशुनपुरा थाना दोकटी की तहरीर पर मंगलवार की देर शाम दर्ज किया गया। इसमें प्रशांत उपाध्याय, विनय उपाध्याय, रजनीश उपाध्याय, प्रदीप उपाध्याय, अजीत उपाध्याय, दीपक उपाध्याय, चुन्नू उपाध्याय, पिंटू उपाध्याय, रवि उपाध्याय, किशन उपाध्याय, अमित उपाध्याय, अंकित उपाध्याय निवासी सोनबरसा को नामजद किया गया है। मामले में दूसरे पक्ष की भगमनिया देवी पत्नी स्व. विश्वनाथ राम निवासी मठ योगेंद्र गिरी के मठिया की तहरीर पर ओमप्रकाश यादव, धमेंद्र यादव, हीरा यादव, वीरेंद्र यादव, गोपाल यादव, जितेंद्र यादव, कमलेश यादव, बिजली यादव, अंकित यादव, उधारी यादव व एक अज्ञात के विरुद्ध मामला दर्ज कर चुकी है।
मालूम हो कि सोनबरसा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर 24 मई की देर शाम दो दर्जन से अधिक लोग अस्पताल परिसर में आए और मेडिकोलीगल बनाने के लिए तैनात चिकित्साधिकारी डॉ. अविनाश पर दबाव बनाने लगे। उनके द्वारा मना करने पर अस्पताल परिसर में हो-हल्ला मचाया और बवाल काटा। सोनबरसा निवासी कृष्ण कुमार उपाध्याय से उक्त लोगों ने मारपीट व हाथापाई की। इसके बाद चिकित्साधिकारी डॉ. अविनाश ने दो दर्जन अज्ञात लोगों पर अस्पताल परिसर में बवाल करने, शांतिभंग करने, सरकारी काम में बाधा पहुंचाने व गोलबंद होकर अपराध करने का मामला बैरिया थाने में दर्ज कराया था। उधर, अर्जुन पासवान का आरोप है कि 24 मई को इलाज कराने पहुंचे थे, जहां पर पहले से मौजूद प्रशांत उपाध्याय व उनके साथ के अन्य लोगों ने रुपये की मांग की। मेरे द्वारा देने से इंकार किया गया तो मुझे जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए मारने लगे। इसी बीच ओमप्रकाश व गोपाल यादव आदि पहुंचे और बीचबचाव करने लगे। तब उन्हें भी राड व चाकू से हमलाकर घायल कर दिया गया। जाते-जाते वे जान से मारने की धमकी भी दे गए।